पूजा पर चाक चौबंद प्रशासनिक व्यवस्था
-शांति और सुरक्षा के बीच जिला वासी मनाएं दुर्गा पूजा : डीएम - शिवहर, संवाद सहयोगी : दशहरा को लेक
-शांति और सुरक्षा के बीच जिला वासी मनाएं दुर्गा पूजा : डीएम
-
शिवहर, संवाद सहयोगी : दशहरा को लेकर शांति व्यवस्था बहाल रखने को जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। डीएम कुमार विनोद नारायण सिंह ने पर्व के मौके पर सांप्रदायिक हिंसा को किसी भी हाल में खत्म करने को प्रशासन संकल्पित है। किसी प्रकार की घटना पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। कोई पदाधिकारी घटना को सख्ती से दबाने में शिथिलता दिखाता है तो उनके विरूद्ध कार्रवाई होगी।
संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा। एसडीओ, एसडीपीओ के साथ सभी स्थानों एवं व्यक्तियों की समीक्षा कर संदिग्धों की सूची बनाकर कार्रवाई होगी।
दंडाधिकारी प्रतिनियुक्ति
दशहरा 2014 पर विधि व्यवस्था बनाए रखने को दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल, लाठी बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इसमें विभिन्न प्रखंडों के गांवों में स्थापित पूजा स्थलों की निगरानी व सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है।
एसडीओ करेंगे पेट्रोलिंग
पूजा के दौरान एसडीओ लालबाबू सिंह एवं डीएसपी अब्दुल खालिक विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे एवं पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नियंत्रण रखेंगे। दशहरा बाद झंडोत्सव व विसर्जन के अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
निर्धारित मार्ग से निकले जुलूस
लाइसेंसधारी पूजा समितियां निर्धारित मार्गों से ही जुलूस निकालेंगे। साथ में पर्याप्त पुलिस बल सुरक्षार्थ रहेगी।
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल समय से प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन स्थल पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश डीएम ने पदाधिकारियों को दिया है।
बना नियंत्रण कक्ष
दूजा के दौरान 2 अक्टूबर से नियंत्रण कक्ष कार्य करना शुरू करेगा। इसके लिए 06222257360 नंबर जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करेगा। यहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पाली वार ऑन ड्यूटी रहने का निर्देश दिया गया है।
सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सुविधा त्वरित उपलब्ध कराने की व्यवस्था के साथ तैयार रहने को कहा गया है। इसके साथ ही डीएम ने जिलावासियों को पर्व सौहार्द से मनाने व अफवाहों से बचने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध परिस्थिति में जिला प्रशासन को तुरंत सूचित करने की अपील की। वहीं आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूरी निष्ठा-तत्परता से काम करेगा।