डीलर के खिलाफ आक्रोश, सड़क जाम
शिवहर, संस : जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर कुशहर चौक पर ग्रामीणों ने बवाल काटा और दो घंटे शिवहर-मुजफ्फरपुर पथ को जाम कर दिया। फलस्वरूप दोनों ही तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई।
एडीएम को भी रोका : जाम के दौरान ही एडीएम राजीव वर्मा की गाड़ी शिवहर मुजफ्फरपुर मुख्यालय लौट रही थी, जिसे रोक दिया गया। उन्होंने तत्क्षण बीडीओ को बुलाया और जाम कर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया गया।
क्या है मामला : लोग डीलर द्वारा खाद्यान्न वितरण में प्राप्त कूपन और खाद्यान्न आपूर्ति के महीनों में तकनीकी गड़बड़ी को लेकर भड़के थे। विगत माह का खाद्यान्न वितरण नहीं होने और कूपन मिलान में लोग भ्रमित हो गए। बाद में बीडीओ मो.शाह रजा हुसैन और आपूर्ति पदाधिकारी विनोद साह प्रखंड प्रमुख उमेश पासवान द्वारा समझा बुझाकर प्रदर्शनकारियों को वापस किया गया। करीब दो घटे के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
जाम करना फैशन या मजबूरी
इन दिनों जाम प्रदर्शन काफी बढ़ गया। कुशहर चौक पर विगत दो महीने में तीन बार जाम किया जा चुका है। जबकि अन्य प्रखंडों एवं जिला मुख्यालयों में भी यह सिलसिला जारी है। जिला प्रशासन को तय करना चाहिए कि ऐसी स्थिति ही क्यों आती है अगर जाम के पीछे कारण है तो त्वरित निदान भी होगा।