16 करोड़ की योजनाएं हुई स्वीकृत
दिघवारा (सारण), नि.सं.: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सोनपुर विधायक विनय ने कहा कि अपने वायदे के मुताबिक सोनपुर विधानसभा के दोनों प्रखंड के विकासात्मक कार्यो को मूर्त रूप देने के लिए कृत संकल्पित हूं। मुख्यमंत्री पुल-पुलिया योजना अंतर्गत 16 पुलिया, दो बड़े पुल तथा मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत सबलपुर बाभन टोला, कस्तूरीचक तथा निजाम चक में पीसीसी कृत सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। इस प्रकार पूरे विधानसभा क्षेत्र में 16 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत है और शीघ्र ही निविदा प्रकाशित होंगे।
स्थानीय पुकार काम्पलेक्स में सीपीएस के भामा शाह सभागार में नगर व सदर कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विनय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एकात्म मानवववाद के सिद्धांत के अनुरूप अपने सिद्धांतों व सरकार की उपलब्धियों को आम जन तक पहुंचाएं। टोला से लेकर प्रखंड तक जनता को जोड़कर अपनी पहचान बनाएं तथा सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पार्टी में पहचान से जनता व सत्ता में पहचान प्राप्त कार्यकर्ताओं को जो सम्मान प्राप्त है वह सम्मान लाखों रुपये खर्च करने वाले नहीं प्राप्त कर सकते हैं।
विधायक विनय ने कहा कि कार्यकर्ता शासन से यदि अर्थ लाभ लेना चाहते हैं तो पांच हजार रुपये व्यय कर पीडब्ल्यूडी से अनुज्ञप्ति प्राप्त कर 25 लाख तक की योजनाओं का निविदा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमनत की सनद प्राप्त लोग अब बेकार नहीं बैठेंगे, सरकार उन्हें रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षो में जमीनी सर्वे तथा 5 वर्षो में चकबंदी तय है। भू-माफियागिरी समाप्ति हेतु सरकार ने प्रभावी कदम उठाई है। सदर मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं नगर मंडल अध्यक्ष मोहन शंकर प्रसाद के संचालन में जिला भाजपा महामंत्री रणजीत कुमार सिंह, प्रदेश नेता प्रो. अजीत कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह, रामदेव महतो, दशरथ राम, राघव प्रसाद सिंह, अखिलेश्वर कुमार, पप्पू स्वर्णकार, रवीन्द्र भगत, रवीन्द्र सिंह, प्रो. केशव कुमार सिंह, रामकुमार सिंह, अनिल सिंह, रामनरेश यादव आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर सदर मंडल भाजपाध्यक्ष नरेन्द्र ने मोर्चा अध्यक्षों की सूची जारी करते हुए बताया कि भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष के रूप में मानूपुर पैक्स अध्यक्ष ठाकुर सुरेश सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष बीडीसी सदस्य अशोक कुमार सिंह, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष वरूण कुमार दास, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मो. मेराजुद्दीन तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रेमलता को मनोनीत किया गया है। नगर मंडल भाजपाध्यक्ष मोहन शंकर प्रसाद द्वारा जारी सूची के अनुसार राजेन्द्र महतो किसान मोर्चा अध्यक्ष, वकील सिंह युवा मोर्चा अध्यक्ष, खुशबू गांधी महिला मोर्चाध्यक्ष, नगर पार्षद सिकंदर राम, अनुसूचित जाति मोर्चाध्यक्ष तथा शाह बहादुर मोहम्मद, मुबारक अली शाह अल्पसंख्य मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर