जिले के 86 हजार हेक्टेयर में होगी धान की खेती : संयुक्त कृषि निदेशक
जागरण संवाददाता, छपरा : शहर के एकता भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्य
जागरण संवाददाता, छपरा : शहर के एकता भवन में गुरुवार को जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन संयुक्त कृषि निर्देशक विजेन्द्र चौधरी ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के 86 हजार हेक्टेयर में धान की खेती करने का लक्ष्य राज्य सरकार ने निर्धारित किया गया है। उसी के आधार पर जिले के सभी प्रखंडो का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। जिले में खरीफ फसल के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की गई है। इसका लाभ किसान लें। उन्होंने श्री विधि से धान की खेती करने व उसके फायदे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी रामगोबिंद सिंह ने कहा कि श्री विधि से जिले में धान की खेती करने का लक्ष्य 68 सौ हैक्टेयर निर्धारित है। इसके लिए किसानों को प्रति एकड़ 25 सौ रुपये उपादान की राशि मिलेगी। शंकर धान के बारे में भी जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बताया। इस मौके पर उपनिदेशक बामिति विजय कुमार, सहायक निदेशक रसायन जीव कांत झा, पौधा सहायक अरविंद कुमार सिंह, कृषि वैज्ञानिक आरके झा सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।