जिले में पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान
जेएनएन, छपरा : पुलिस अधीक्षक विनय कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंगलवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें तीन सौ से अधिक बाइक जब्त किए गए। मुफस्सिल थाने की पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 70 बाइक जब्त किया जिसमें 30 को आन द स्पाट फाइन लगाकर छोड़ दिया गया। वहीं 40 मोटरसाइकिलों को चलान कर दिया गया। डोरीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को चलाए गए सघन वाहन चेकिंग अभियान में दर्जनों वाहन बगैर कागजात पाए गए। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में भी कई वाहनों को पकड़ा गया। थानाध्यक्ष राजरूप राय ने बताया कि सड़कों को जाम से मुक्ति दिलाने व यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा। अभियान में मंगलवार को 17 मोटरसाइकिल, 5 टेम्पो, 2 टाटा मैजिक व 4 ट्रक पकड़े गए। मढ़ौरा अनुमंडल के सभी थानों में मंगलवार को शुरू की गयी वाहन चेकिंग अभियान में दो सौ नौ बाइकों को जब्त किया गया। डीएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मढ़ौरा में 40 अमनौर में 22, भेल्दी में 21, मकेर में 21, मशरक में 36, तरैया में 38, पानापुर में 22, इसुआपुर में 24 मोटरसाइकिलों को विभिन्न आवश्यक कागजात के अभाव में जब्त किया गया। डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि सभी जब्त किये गये मोटरसाइकिलों का मौके पर ही चलान काट दिया गया। चलान एसडीओ कार्यालय में जमा कर बाइक मालिक अपना बाइक थाना से ले जा सकते हैं। मशरक थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर मंगलवार को करीब चार दर्जन मोटरसाइकिल जब्त कर लिया। मशरक थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व यदु मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। हमारे मकेर संवाददाता के अनुसार मकेर में पुलिस ने जांच अभियान चलाकर विभिन्न कागजात के अभाव में 22 बाइक को जब्त कर लिया। वहीं परसा में भी वाहन चेकिंग के दौरान 21 बाइक जब्त किये गये। परसा पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें विभिन्न कागजातों व ट्रिपल लोडिंग के आरोप में 21 बाइक जब्त किया गया। वहीं अमनौर संवाददाता के अनुसार बीस वाहन जब्त किये गये। इस अभियान में सहायक दरोगा अनुज पाण्डेय, विनोद कुमार, अजीत कुमार आदि शामिल थे। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि बीस बाइक बिना कागजात के जब्त की गयी है। वहीं मांझी में भी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें दर्जन भर दोपहिया वाहन जब्त किया गया। एकमा में भी वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत सिंह ने वाहन चेकिंग के दौरान दर्जनभर मोटरसाइकिलों को विभिन्न कागजातों के अभाव में जब्त कर लिया। वहीं जलालपुर में भी थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें दो दर्जन वाहन पकड़े गये।