विधायक ने किया सिताबदियारा में कटाव स्थल का निरीक्षण
जासं, छपरा : अमनौर के जदयू विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू ने बुधवार को सिताबदियारा में पहुंचकर कटाव स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में कोताही देख उन्होंने नाराजगी भी व्यक्त की। उधर पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के पुत्र रणधीर सिंह भी सिताबदियारा पहुंचे और पीड़ित ग्रामीणों से हालचाल लिया। निरीक्षण के बाद विधायक श्री मंटू ने बताया कि जेपी के गांव सिताबदियारा में लगातार हो रहे सरयू नदी से कटाव को लेकर वे सिताबदियारा पहुंचे। वहां पर निरीक्षण के दौरान पता चला कि कोई भी पदाधिकारी कटाव स्थल पर कटाव निरोधी कार्य में रूची नहीं ले रहे हैं, बल्कि कटाव स्थल से काफी दूरी पर यूपी की सीमा के पास पिकनिक मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिताबदियारा के लोग बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं वहीं अधिकारी मौज मस्ती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने नहीं दिया जायेगा। कटाव निरोधी कार्य जिस तरीके से होनी चाहिए वह नहीं हो रहा है। कटाव अगर नहीं रूका तो जनता की हक के लिए यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के रवैये को देख कुछ ग्रामीण उग्र हो गये और उनसे उलझ गये। बीच बचाव कर बात को शांत कराया गया। उधर पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के पुत्र रणधीर सिंह ने भी बुधवार को सिताबदियारा में कटाव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बातचीत भी की और उनकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।