दहेज के लिए गर्भवती महिला की हत्या
संसू, मकेर (सारण) : मकेर थाना क्षेत्र के चकिया गांव में दहेज के लिए ससुराल वालों ने गर्भवती महिला की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर गांव पहुंची मकेर थाने की पुलिस ने शव को जब्त करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही है। इस मामले में मृतका के भाई ने मकेर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दर्ज प्राथमिकी में मृतका के भाई अमनौर थाना क्षेत्र के ढोरलाही अनुमान गांव निवासी लखनदेव राम ने कहा है कि उनके बहन के ससुराल वालों ने दहेज के लिए उनकी बहन की हत्या कर दी है। दर्ज प्राथमिकी में उन्होने मृतका के पति वीर बहादुर राम, सास दिलतिया देवी, ससुर ललन राम आदि को नामजद किया है। बताया जाता है कि लखनदेव राम बहन चिंता देवी की शादी 2011 में वीर बहादुर के साथ हुई थी। शादी के बाद से मोटरसाइकिल की मांग कर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। चिंता देवी आठ माह की गर्भवती थी। इसी दौरान ससुराल वालों ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही बात सामने आयेगी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।