दरियापुर में दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे को बनाया बंधक
संसू, दरियापुर (सारण) : दरियापुर प्रखंड के धनौती गांव में दूल्हा को देख दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। आक्रोशित लड़की वालों ने बरातियों को वापस लौटा दूल्हे को कमरे में बंद कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद विवाद को शांत कराया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक धनौती गांव निवासी लगनदेव गिरि की पुत्री की शादी सोमवार को थी। शादी को लेकर लड़की पक्ष ने जोरदार तैयारी कर रखी थी। नियत समय पर बारात भी आ गयी। द्वारपूजा की रस्म के बाद लड़का जब शादी के लिए आंगन में पहुंचा तो लड़के को देखते ही घर में कानाफूसी शुरू हो गयी। लड़की पक्ष के सभी लोग लड़का को देखकर भड़क गये। लड़की ने तत्काल ही शादी से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि लड़की पक्ष के लोगों का आरोप है कि लड़का पोलियोग्रस्त है और इसकी जानकारी शादी के पहले उसके घर वालो ने नहीं दी गयी थी। भड़के लड़की वालों ने शीघ्र ही लड़के को एक कमरे में बंद कर दिया और पूरे बारातियों को वापस लौट जाने को कहा। दोनों पक्षों के बीच हंगामा की सूचना थानाध्यक्ष उदय कुमार को मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ धनौती गांव पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होने दूल्हा को मुक्त कराया। इसके बाद पंचायती का दौर शुरू हुआ। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।