दरियापुर में नौ किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
संवाद सूत्र, दरियापुर (सारण) : दरियापुर थाना क्षेत्र के हरना गांव में शनिवार को नौ किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि हरना गांव में गुप्त रूप से गांजा की खरीद-फरोख्त की जाती है। इस सूचना के बाद थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ हरना गांव में छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने हरना गांव निवासी सोन्हो निवासी टुन्नी कुमार व बलिया के रेवती बाजार निवासी छोटू कुमार को गांजा खरीदते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नौ किलो गांजा बरामद किया गया। हालांकि पुलिस को देख गांजा बेचने वाला हरना गांव निवासी शिलानाथ राय फरार हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्री महतो ने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। फरार मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी गयी है। शीघ्र ही मुख्य तस्कर शिलानाथ राय को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पकड़े गये लोगों ने पूछताछ में जो जानकारी दी है, पुलिस उसके आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।