मौसम का बदला मिजाज, गर्मी से निजात
अचानक मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है।
समस्तीपुर। अचानक मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है। बुधवार की रात अचानक आई आंधी और पानी से मौसम खुशनुमा हो गया है। लोगों को उमस भरी से राहत मिली है, हालांकि इस बेमौसम बरसात और आंधी से गेहूं और आम की फसल को क्षति पहुंची है। खासकर जिन किसानों ने गेहूं की कटाई कर थ्रे¨सग के छोड़ रखा था। उनका गेहूं भींग गया है। गेहूं की वैसे फसलों को भी नुकसान पहुंचा है तो पूरी तरह तैयार होकर काटने की स्थिति में थी। जिले में इस वर्ष किसानों ने तकरीबन 65 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल की थी। किसानों के खेतों में फसल तैयार है। बड़ी संख्या में किसानों ने गेहूं की कटाई कर उसकी थ्रे¨सग भी कर ली है। वहीं बहुत किसानों के खेतों में गेहूं की तैयार फसल लगी ही हुई है। आंधी के कारण आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। टिकोले टूट कर गिर गए हैं। हालांकि इस बार आम की फसल बहुत अच्छी नहीं रहने से किसान पहले से ही परेशान थे। आंधी ने उसे और क्षति पहुंचा दी है। कुछ जगहों पर हल्के ओले भी पड़े हैं। आंधी से मक्के की फसल को भी क्षति पहुंची है। वहीं मूंग, सब्जी आदि के लिए वर्षा वरदान साबित हुई है। आंधी के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित है। बिजली विभाग के द्वारा इसे सुचारू कराने का काम जारी है। कहीं से भी जानमाल के क्षति की सूचना नहीं है।