समस्याओं को लेकर घंटों सड़क जाम
विद्यापतिनगर, संस : सामाजिक न्याय संघर्ष मोर्चा व भाकपा माले के संयुक्त बैनर तले दर्जनों कार्यकर्ताओ
विद्यापतिनगर, संस : सामाजिक न्याय संघर्ष मोर्चा व भाकपा माले के संयुक्त बैनर तले दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन सड़क जाम कर दिया। मलकलीपुर तीन मुहानी के समीप मोर्चा संयोजक सह जिला पार्षद ब्रज किशोर सिंह चौहान के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में दर्जनों लोगों ने विद्यापतिनगर-दलसिंहसराय मुख्य पथ को घंटों जाम कर दिया। सड़क पर टेंट तंबू लगाकर शुरू किये गए अनशन पर बैठे लोगों की मुख्य मांगों में महनार बछवारा व बजरंगी चौक, रोसड़ा मुख्य पथ का शीघ्र जीर्णोद्धार कर चौड़ीकरण करने सहित कई अन्य मांग शामिल रहे। जिला पार्षद सह भाकपा माले नेता ब्रज किशोर सिंह चौहान ने आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के कद्दावर मंत्री विजय कुमार चौधरी का क्षेत्र होने के बावजूद विद्यापतिनगर का इलाका विकास के मामले में काफी पीछे है। इसका खमियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं बार-बार आंदोलन कर स्मारित किए जाने के बावजूद समस्याएं जस की तस है। मौके पर भाकपा माले नेता मलय कुमार सिंह, गोपाल कुमार, शिवजी राय, अनिल राय, मोहित राम, शांति देवी, मृगनैनी देवी, फूल परी देवी आदि उपस्थित थे। बाद में अधिकारियों द्वारा उचित आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त हुआ।