विभूतिपुर में पिता -पुत्री पर तेजाब फेंका
जेएनएन, दलसिंहसराय/विभूतिपुर : विभूतिपुर के चकहबीब पंचायत के चकहौजा गांव में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के पिता-पुत्री पर तेजाब फेंक दिया गया। तेजाब के हमले में पिता पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। दोनों को चिंताजनक स्थिति में पटना ले जाया गया है। दोनों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। दोनों के चेहरे व शरीर के अन्य हिस्से तेजाब से जले हैं। विवाद ननकी राय व मेदनी राय के बीच हुआ। जिसमें मेदनी राय व उनकी पुत्री रंजना कुमारी (17) जख्मी हुए है। घटना की सूचना मिलने के साथ पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, इस मामले में किसी के पकड़े जाने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार चकहौजा निवासी बोढ़न राय को कोई पुत्र नहीं है। इस स्थिति में उन्होंने अपनी सारी जमीन अपनी दोनों पुत्रियों के नाम कर दिया था। इस बीच कतिपय कारणों को लेकर बोढ़न के पड़ोसी ननकी राय ने उन्हें अपने घर में पनाह दी और उन्हें अपने साथ रखने लगा। इस बीच ननकी की नजर उनकी जमीन पर पड़ी और उसने बोढ़न की बहन को बुलाकर उनकी आधी जमीन अपने नाम करा ली। बुधवार को इन्हीं सारी बातों को लेकर बोढ़न के दामाद मेदनी राय व ननकी के बीच विवाद होने लगा। देखते-देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। इसी बीच मेदनी व उनकी पुत्री रंजना पर तेजाब फेंक दिया गया। इस कारण दोनों तड़पने लगे। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पटना पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर अवर निरीक्षक अरुण कुमार सिंह मौका-ए-वारदात पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों के घर छोड़कर गायब हो जाने की बात बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस गांव में कैम्प कर रही है।