तालाब में डूबने से लड़की की मौत
खानपुर, संस : थाना क्षेत्र के खानपुर दक्षिणी पंचायत के मधुबन गांव स्थित बीबी चौर के निकट तालाब में डूबने से एक लड़की की मौत हो गई। मृतक कि पहचान उदयपुर कॉलेज निवासी विजय वर्मा के पुत्री अमृता कुमारी (16) के रूप में की गई। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों के करीब 2 घंटे के अथक प्रयास के बाद पानी से शव को बाहर निकाला । घटना बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है। मौके पर पहुंचे सीओ कमल कुमार, एएसआई कृष्ण प्रसाद, मुखिया शिव नारायण राय ने मामले की छानबीन की। घटना के संबंध में बताया गया है कि मृतका के पिता विजय शर्मा का खेत बीबी चौर में है। लड़की बुधवार की दोपहर साइकिल से अपने खेत में लगी फसल देखने गई थी। काफी देर बाद वापस घर नहीं लौटने पर इसकी खोजबीन करते परिजन उक्त स्थल पर पहुंचे। जहां लड़की की साइकिल व चप्पल तालाब के भिंडा पर देखा गया। इससे लड़की के तालाब में डूबने की आशंका हुई। जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद शव को पानी से खोजकर बाहर निकाला गया। इधर लोगों की माने तो तालाब के इर्द-गिर्द खेत में काम कर रही कुछ महिलाओं ने उक्त लड़की को तालाब के पास देखी थी। फिर सभी अपने काम में लग गई। इससे आशंका व्यक्त किया जा रही है कि लड़की के पैर धोने के दौरान फिसल गई और गहरे पानी में चले जाने से डूब गई। इधर घटना के बाद मृतका की मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।