ट्रांसफार्मर पर चढ़ा बिजली मिस्त्री करंट से झुलसा
जासं, समस्तीपुर : शहर के गुदरी बाजार इलाका स्थित शिव दुर्गा मंदिर के पास विद्युत ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे मानव बल रूपेश कुमार उर्फ बबलू बुरी तरह विद्युत करंट से झुलस गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे काफी चोट भी आई है। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि मानव बल विद्युत पोल पर संचरण व्यवस्था को दुरूस्त करने में लगा था इसी क्रम में विद्युत आपूर्ति चालू होने के कारण करंट लगने से मानव बल नीचे गिर गया। चिकित्सक के अनुसार उसके शरीर में कई जख्म है काफी ऊंचाई से गिरने के कारण आंतरिक चोट लगी हो सकती है। इधर टाउन वन के जेई रामशोभित राय का कहना है कि लगभग 4 बजकर 25 मिनट में उन्होंने शट डाउन लिया था और 5 बजकर 10 मिनट पर मानव बलों के काम करने के बाद बिजली चालू की गई थी। उनका कहना है कि राजेश व चंदू को फ्यूज कॉल बनाने के लिए भेजा गया था। मानव बल रूपेश से उनकी कोई भी बात नहीं हुई थी। इधर घटना को गंभीरता से लेते हुए विद्युत अधीक्षण अभियंता अरविन्द प्रसाद ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हाल ही में रूपेश का मानव बल में नियोजन किया गया था।