2019 से पहले विपक्षी पार्टियों का बनेगा मजबूत गठबंधन: शरद
सहरसा। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा सांसद शरद यादव ने कहा कि 2014 में सरकार में आने से
सहरसा। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा सांसद शरद यादव ने कहा कि 2014 में सरकार में आने से पूर्व जो वादे किए गए थे उसे सत्ता में जाने के बाद केंद्र सरकार ने उसे पूरी तरह भूला दिया। वादे को निभाने के बजाय सरकार धार्मिक उन्माद फैलाने वह सभी कार्य कर रही है। वर्ष 2019 के लोस चुनाव से पहले विपक्षी पार्टियों का मजबूत गठबंधन बनाया जाएगा। कोसी क्षेत्र के सात दिवसीय दौरे पर गुरुवार को सहरसा पहुंचे सांसद शरद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव से पूर्व हर वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। परंतु तीन वर्ष में मात्र एक लाख 30 हजार लोगों को जैसे- तैसे रोजगार मिल सका है। देश में प्रतिवर्ष शिक्षित और अशिक्षित तीन करोड़ बेरोजगारों की फौज खड़ी हो रही है। किसान को मेहनत, खाद- बीज व अन्य लागत से डेढ़ गुणा दाम पर फसल की कीमत लगाने की बात कही गई थी। परंतु आज किसानों में हाहाकार की स्थिति है। हर वर्ष साढ़े तीन लाख किसान आत्महत्या कर रहे हैं। जदयू नेता ने कहा कि हाल में सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेने की बात कही थी। परंतु उसपर कोई अमल नहीं हुआ। किसान बेचैन और परेशान है दूसरी तरफ सरकार गाय- गंगा, लव जेहाद आदि के नाम पर धार्मिक उन्माद फैलाने में लगी है। उन्होंने कहा कि किसानों का दूसरा सहारा पशु है। दूध के मामले में हम दुनिया में पहले स्थान पर आ गए थे। विभिन्न तरह के नारे देकर उसपर भी हमला बोल दिया गया। गाय-भैंस का धंधा बंद होने से बड़ी संख्या में लोगों के सामने भुखमरी आ गई है। उन्होंने कहा कि कालाधन वापस लाने के बजाय सरकार ने नोटबंदी कर दिया। इससे जीडीपी में डेढ़ गुणा गिरावट आई है। सरकार यह भी नहीं बता पा रही है। कितना धन मिला-कितना जमा हुआ। राष्ट्रपति उम्मीदवार के संबंध में कहा कि पार्टी ने अपना रूख तय दिया है। इतने महत्वपूर्ण पद के चुनाव हेतु प्राय: आम राय बनती रही है। मौके पर विधायक दिनेश चन्द्र यादव, विधान पार्षद विजय वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष धनिकलाल मुखिया आदि मौजूद रहे।