बेचन की हत्या कर शव को गायब करने की आशंका
सहरसा। बेलदौर ओपी क्षेत्र के माली गांव से शनिवार की रात गायब हुए एक व्यक्ति की हत्या की आशंका जतायी
सहरसा। बेलदौर ओपी क्षेत्र के माली गांव से शनिवार की रात गायब हुए एक व्यक्ति की हत्या की आशंका जतायी जा रही है। वैसे शव की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस तिलाबे नदी सहित आसपास के इलाके में बेचन की खोजबीन कर रही है। गायब व्यक्ति का चप्पल बनमाईटहरी ओपी क्षेत्र के लक्ष्मीनियां गाव में बरामद हुआ है। जहां चप्पल बरामद हुआ है वहां से गोली का खोखा भी मिला है। जबकि स्थल पर खून का छींटा भी था। जिस कारण परिजन हत्या कर शव को गायब करने की आशंका जता रहे हैं।
गायब व्यक्ति बेचन यादव की पत्नी रूना देवी के अनुसार शनिवार की रात करीब साढे़ आठ बजे पड़ोसी अभिमन्यु यादव एवं विष्णुपुर गाव निवासी अखिलेश सिंह मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। उनके पति को भी अपने साथ लेकर चले गये। रात के करीब साढे दस बजे उसने गोली चलने की आवाज सुनी थी। देर रात तक पति के नहीं लौटने पर इसकी सूचना बेलदौर थाना एवं बनमाईटहरी पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने के बाद रात में ही पुलिस द्वारा माली चौक, लक्ष्मीनियां सहित आसपास में खोजबीन की। परंतु कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की सुबह लक्षमीनियां गाव में खून का धब्बा देखकर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने वहां से बेचन यादव का चप्पल एवं गोली का खोखा बरामद किया। बेचन की पत्नी का कहना है कि उक्त लोगों ने उसके पति की हत्या कर दी। परिजनों की माने तो चार दिन पूर्व अभिमन्यु यादव ने झगड़ा हुआ था जिसमें धमकी भी दी गयी थी।
---
शव की जारी है तलाश
---
रविवार की सुबह बेलदौड़ थाना एवं बनमा ओपी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से हत्या की आशंका को लेकर शव की खोजबीन शुरू कर दी है। वैसे, शव का पता नहीं चल पाया है। इधर, घटनास्थल को लेकर बनमा व बेलदौड़ पुलिस माथापच्ची कर रही है। बेचन यादव का घर बेलदौड़ थाना क्षेत्र के माली गाव में पडता है। जबकि घटनास्थल बनमा ईटहरी ओपी क्षेत्र के लक्षमीनिया गाव में पडता है।
---
लोगों ने किया सड़क जाम
---
जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर तक बेलदौर थाना में मामला दर्ज नहीं किया जा सका। जिसको लेकर पीड़ित परिजन व ग्रामीणों ने बेलदौर थाना क्षेत्र के माली चौक के पास एनएच 107 सड़क को घंटों जाम कर बेलदौर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
'यह मामला बेलदौर थाना से जुड़ा हुआ है। वही मामला दर्ज किया जाएगा। शव की तलाश की जा रही है।'
जीतेन्द्र सहनी
ओपीध्यक्ष, बनमा ईटहरी