डोली धरती, एक की हुई मौत
सहरसा, जागरण संवाददाता : शनिवार को तेज झटके के साथ भूकंप के बाद मची अफरा-तफरी व भागमभाग में तीन दर्ज
सहरसा, जागरण संवाददाता : शनिवार को तेज झटके के साथ भूकंप के बाद मची अफरा-तफरी व भागमभाग में तीन दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गये। वहीं एक युवक की मौत हो गयी। जबकि दो की स्थिति गंभीर है। वहीं भूकंप से जहां कई घरों को क्षति पहुंचा वहीं कई घर गिर गया। जबकि दीवारें दरक गयी।
जानकारी के अनुसार भूकंप के कारण तीन दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। जिसमें दीवार के नीचे दब जाने से घौरदह पंचायत के कवैया मुसहरी निवासी घुरण सादा गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। वहीं नवहट्टा में एक बालक राजेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी का इलाज गायत्री नर्सिग होम में चल रहा है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
---
पहला झटका रहा तीन मिनट का
---
सुबह करीब 11:41 बजे भूकंप का पहला झटका आया और करीब तीन मिनट तक धरती डोलती रही। दिन में काफी वर्षो के बाद इस तरह का भूकंप आया था जिस कारण लोग अचानक से हड़बड़ा गये। दूसरा झटका 12 बजकर 17 मिनट पर महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.5 मापी गयी है। हालांकि करीब 1:55 में भी तीसरा झटका लोगों को महसूस हुआ।
---
मची रही अफरा-तफरी
---
भूकंप आने के बाद अफरा-तफरी मच गयी। धरती डोलने के कारण लोग अपने को असहज महसूस करने लगे। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने को लेकर लोग भागम-भाग करते रहे। दुकानों, घरों से निकलकर सड़कों व मैदान की ओर लोग दौड़ते रहे। सड़कों पर चल रहे राहगीर जहां थे वहीं अपने वाहनों के साथ रुक गये। किसी को कुछ सूझ ही नहीं रहा था।
---
घरों व दीवार हुआ ध्वस्त
---
भूकंप आने से कई मकान का दीवार दरक गया। जबकि कई जगहों पर चाहरदिवारी ध्वस्त हो गयी। फूस व मिट्टी के घरों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर पेड़ गिरने की भी सूचना है। शहर के विभिन्न भागों में घर गिर गया। हालांकि जानमाल की क्षति नहीं हुई है।
---
संचार व विद्युत सेवा हुई प्रभावित
---
आंधी के कारण जहां संचार व विद्युत सेवा प्रभावित थी। वहीं भूकंप के बाद दोनों सेवा लगभग दिनभर ठप ही रही। मोबाइल से कभी-कभार ही बात हो पा रही थी। जबकि बिजली दोपहर बाद कई इलाकों में गुल रही।
---
सरकारी कामकाज पर पड़ा असर
---
भूकंप से सरकारी कामकाज पर भी असर पड़ा। कर्मी व अधिकारी कार्यालय से बाहर निकल गये। जबकि सभी सहमे रहे। कई सरकारी कार्यालयों के दीवारों के दरकने की सूचना है। वहीं जिलाधिकारी के आवास का चाहरदिवारी भी ध्वस्त हो गया।