सेविका की बहाली को लेकर सीडीपीओ समेत तीन पर मामला दर्ज
सौरबाजार (सहरसा), संसू : प्रखंड के रामपुर पंचायत के रहुआ गाव में आगनबाड़ी केन्द्र संख्या 148 पर आगनबा
सौरबाजार (सहरसा), संसू : प्रखंड के रामपुर पंचायत के रहुआ गाव में आगनबाड़ी केन्द्र संख्या 148 पर आगनबाड़ी सेविका बहाली फर्जी रूप से करने के मामले में पुलिस ने कोर्ट नालसी के तहत तत्कालीन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रजनी गुप्ता, वार्ड सदस्या सुनीता देवी, सेविका रिंकी कुमारी पर जालसाजी का मामला दर्ज किया है।
दर्ज मामले में आवेदिका पिंकी कुमारी ने आरोप लगाया है कि 28 अक्टूबर 2013 को आगनबाड़ी सेविका की बहाली को लेकर आम सभा का आयोजन हुआ था। जिसमें सीडीपीओ एवं वार्ड सदस्य की मिली भगत से जालसाजी कर रिंकी कुमारी की बहाली कर दी गयी।
दो तरह के हैं जन्म प्रमाण पत्र
दर्ज मामले में दिये गये आवेदन में कहा गया है कि इस सेविका बहाली से पूर्व रिंकी कुमारी रामपुर में आगनबाड़ी केन्द्र संख्या 36 पर सहायिका पद पर कार्यरत थी। जिसमें मंहथ दाहौर दास कबीर उच्च विद्यालय तेलवा से नवम पास का प्रमाण पत्र लगाया गया है। जिनमें जन्म तिथि 5 जनवरी 1981 है। वहीं इस सेविका बहाली में रिंकी कुमारी ने रूक्मिणी धनेष संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक उच्च विद्यालय मनोरी से मध्यमा पास का प्रमाण पत्र लगाया है। जिसमें जन्म तिथि चार अप्रैल 1992 है। आम सभा के दौरान दोनों प्रमाण पत्र दिखाया गया था। लेकिन तत्कालीन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, वार्ड सदस्या ने जालसाजी कर रिंकी कुमारी की बहाली अवैध रूप से कर दी है।
कहते हैं थानाध्यक्ष
कोर्ट नालसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले का अनुसंधान जारी है।
रणवीर कुमार, थाना अध्यक्ष, सौरबाजार