अनाज कम देने के विरोध में सड़क जाम
सहरसा, जागरण संवाददाता : खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पांच-पांच किलो खाद्यान्न कम देने के विरोध में सहरसा बस्ती के लोगों ने सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग को तिवारी चौक के समीप जाम कर दिया। जाम से लगभग डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। थानाध्यक्ष के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
जाम कर रहे लोगों ने टायर जलाकर प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जाम कर रहे कौसर खातुन, गुलान, फातमा, सोनी, फरहाना खातुन आदि लोगों का कहना था कि हमलोग सहरसा बस्ती के निवासी हैं। सभी लोग मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सभी लोगों का कार्ड बनाया गया। लेकिन जनवितरण प्रणाली के दुकानदार मो. सैफूल द्वारा पांच-पांच किलो अनाज कम दिया जाता है। इसकी शिकायत करने पर दुर्व्यवहार किया जाता है। अधिकारियों से शिकायत की बात कहने पर भी कोई असर नहीं होता है। लोगों का कहना था कि अनाज घर लाकर वजन करने पर गेहूं व चावल दोनों कम रहता है। लोगों ने डीलर के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं जाम की सूचना पर सदर थानाध्यक्ष सूर्यकांत चौबे पहुंचे और आक्रोशित लोगों से बात की। थानाध्यक्ष द्वारा इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को भी दी गयी। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिये जाने के बाद जाम समाप्त हो सका। वहीं जाम से कई वाहनों का आवागमन बाधित रहा और यात्री परेशान रहे।