नहीं रहे रामजानकी विवाह भवन के संस्थापक उमेश बाबू
सहरसा, जासं : श्री राम जानकी ठाकुरबाड़ी व रामजानकी विवाह भवन कल्याण समिति शंकर चौक सहरसा के संस्थापक सचिव 62 वर्षीय उमेश पंजियार का रविवार की रात निधन हो गया। वे कई वर्षो से बीमार चल रहे थे। उनके पुत्र प्रेमनाथ ने मुखाग्नि दी।
स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रामबाबू पंजियार के द्वितीय पुत्र उमेश पंजियार 1992 में सहरसा नगर परिषद वार्ड नंबर पांच के वार्ड आयुक्त भी चुने गये थे। सामाजिक कार्यो में उनकी गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने बलिराम सर्राफ के सहयोग से मंदिर का निर्माण कराया। तत्पश्चात पूर्व वित्तमंत्री स्वर्गीय शंकर प्रसाद टेकरीवाल के सहयोग से दिन-रात एक कर विवाह भवन बनवाया। जिसे विधान पार्षद बलराम सिंह यादव के कोष से विकसित किया गया। उनके निधन की खबर सुनकर पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन करने के लिए उनके आवास पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विवाह कल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार दत्ता, विनय पंजियार, ठाकुरवाड़ी मंदिर के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, राजा राजकुमार भगत, कोषाध्यक्ष इंदूभूषण केशरी, विनोद कुमार दास, पूर्व विधायक गुंजेश्वर साह, पूर्व नप अध्यक्ष श्यामसुंदर साह, राजद जिलाध्यक्ष ताहीर, माकपा जिलामंत्री विनोद कुमार, चिल्ड्रेन स्कूल एसोसियेशन के अध्यक्ष रामसुंदर साहा, व्यापार संघ के अध्यक्ष कुणाल गौरव विकास, केदारनाथ गुप्ता, अर्जुन चौधरी, राजेश कुमार दास, शैलवर्द्धन गुप्ता, बसपा जिलाध्यक्ष संजय पंजियार, राजीव रंजन साह, भाजपा जिलामंत्री मो. सज्जाद आलम आदि मौजूद रहे।