आईजी ने की शांति समिति की बैठक
जागरण संवाददाता, सासाराम : शहर में शांति सौहार्द व आपसी भाईचारा कायम रखने को ले रविवार को परिसदन में
जागरण संवाददाता, सासाराम : शहर में शांति सौहार्द व आपसी भाईचारा कायम रखने को ले रविवार को परिसदन में शांति समिति की बैठक जोनल आईजी एके अम्बेडकर की अध्यक्षता में हुई।
स्थानीय विधायक जवाहर प्रसाद के अलावे कई नगर पार्षद, नगर पूजा समिति, मरकजी मुहर्रम कमेटी के सदस्यों व शहर के प्रबुद्धजनों ने चलनिया गोली कांड की निंदा की। शहर में आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों की तारीफ भी की। बैठक में हर हाल में रविवार को ही सरस्वती प्रतिमाओं का विसर्जन कराने का निर्णय लिया गया। उपद्रव फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के अलावे निर्दोष व्यक्तियों पर पुलिसिया कार्रवाई नहीं करने की मांग प्रमुखता से की गई। विधायक ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। नगर पूजा समिति अध्यक्ष सरदार मानिक सिंह ने कहा कि शहर में कुछ शरारती तत्वों ने सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए उपद्रव फैलाने का प्रयास किया। जिसे स्थानीय लोगों ने आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया। मुहर्रम कमेटी के महासचिव अखलाक रिजवी अहमद, मुहम्मद जमशेद के अलावे नगर पार्षद विनोद कुमार, सोनू सिन्हा, भोला, किशन लाल सोनकर के अलावे मुहम्मद अली, राजेश चौरसिया, जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर चंद कुशवाहा ने कई सुझाव दिए। आईजी ने शहरवासियों से शांति बहाल रखने की अपील की। कहा कि जांच के बाद दोषी व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में बैठक में डीआईजी उमाशंकर सुधांशु, डीएम संदीप कुमार, एसपी चंदन कुशवाहा के अलावे जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।