धान खरीद में बोनस पर केंद्र दिखा रहा आंख : नीतीश
जागरण संवाददाता, सासाराम हम धान खरीद पर किसानों को बोनस की बात कर रहे हैं तो केंद्र सरकार आंख दिख
जागरण संवाददाता, सासाराम
हम धान खरीद पर किसानों को बोनस की बात कर रहे हैं तो केंद्र सरकार आंख दिखा रही है। भाजपा सरकार किसानों के साथ किया वादा भूल उनके साथ धोखा कर रही है। उक्त बाते पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को स्थानीय न्यू स्टेडियम में राजनीतिक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। वे अपनी संपर्क यात्रा के क्रम में यहां पहुंचे थे। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को भेजा गया वो पत्र भी पढ़ कर सुनाया जिसमें राज्यों को अलग से बोनस ना देने की चेतावनी दी गयी है।
धान के कटोरा कहे जाने वाले शाहाबाद में संपर्क यात्रा के क्रम में पहले राजनीतिक कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की दुखती रग को छुआ। भाजपा को झूठ व प्रचार की पार्टी बताते हुए चुनाव प्रचार के दौरान नमो द्वारा दिये गए भाषणों को भी सुनाया। कैसे भाजपा नेता अपने भाषण में समर्थन मूल्य में किसानों को लागत खर्च से 50 फीसद मुनाफा देने की बात कही थी परन्तु नाम मात्र की वृद्धि हुयी। अब राज्य सरकार धान पर तीन सौ रुपए बोनस दे रही है तो केंद्र सरकार आंखे दिखा रही है।
बताया कि केंद्र के खाद्य व जनवितरण विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकारें बोनस की घोषणा करती हैं, जिससे बाजार पर कुप्रभाव पड़ता है, अधिक मूल्य के कारण निजी व्यापारी बाजार से बाहर हो जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की नहीं व्यापारी की चिंता है। कहा कि राज्य की 76 फीसद जनता कृषि पर निर्भर पर केंद्र को आपकी चिंता नहीं है। हम बोनस की घोषणा कर रहे हैं तो वे हमे खबरदार कर रहे है कि खरीदारी सीमित कर लेंगे।
सम्मेलन को जदयू के राज्य अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह, स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह, प्रभारी मंत्री विनोद यादव, सहकारिता मंत्री जय कुमार सिंह, सतीश कुमार, कृष्णा सिंह व अन्य ने भी संबोधित किया।