बनेंगे सात सौ से अधिक मतदान केंद्र
जागरण संवाददाता, सासाराम : पैक्स चुनाव के लिए संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन होते ही मतदान केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। नए मतदाता सूची में 3.88 लाख से अधिक लोगों का नाम दर्ज है।
मतदाताओं के लिए सात सौ से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं 42 पैक्स अध्यक्षों द्वारा सासाराम भभुआ सहकारी बैंक की ऋण राशि अबतक नहीं लौटाने से उनके चुनाव लड़ने पर खतरा मंडराने लगा है।
जिला सहकारिता पदाधिकारी निकेश कुमार की मानें तो पैक्स चुनाव की प्रशासनिक तैयारी जोरशोर से जारी है। मतदाता सूची संशोधन के बाद 3.88 लाख से अधिक मतदाता इस चुनाव में भाग लेंगे। सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी व बीडीओ से संशोधित मतदाता सूची तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
उनकी मानें तो सात सौ से अधिक मतदान केंद्र पैक्स मुख्यालयों में बनाए जाएंगे। एक मतदान केंद्र पर सात सौ मतदाता वोट डालेंगे। एक पैक्स में सात सौ से अधिक मतदाता होने पर वहां अतिरिक्त बूथ बनाया जाएगा। पैक्स चुनाव में लगभग आठ हजार मतदान कर्मी, मजिस्ट्रेट व सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
इसके लिए कार्मिक कोषांग सहित अन्य कोषांगों का गठन भी जिला स्तर पर किया जा रहा है। डीसीओ की मानें तो सासाराम-भभुआ सेंट्रल कोआपरेटिव बैंक से करोड़ो रुपये का ऋण का चुकता नहीं करने वाले पैक्स अध्यक्षों को नो ड्यूज जारी नहीं किया जाएगा। बिना नो ड्यूज के चुनाव लड़ने की भी अनुमति नहीं होगी। ज्ञातव्य हो कि छह चरणों में होने वाले पैक्स चुनाव की सरगर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में काफी बढ़ गई है।
प्रथम चरण में यहां चेनारी, शिवसागर व सासाराम प्रखंड के पैक्सों के लिए 29 सितम्बर को चुनाव होगा। इसके लिए 16 से 18 सितम्बर तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इस चुनाव में कई मुखिया भी अपने परिजनों को मैदान में उतारने की घोषणा कर लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है।