छापे में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन
संवाद सूत्र, सूर्यपुरा (रोहतास) : थाना क्षेत्र के अगरेड़ खूर्द गांव में शुक्रवार को पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष हीरालाल राम ने बताया कि गुप्त सूचना पर एएसआई अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने नीबू राम के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दो देसी रायफल, 3 कट्टा, 2 बंदूक, 3 अर्द्धनिर्मित हथियार व हथियार बनाने वाले औजार बरामद किये गए। हथियारों को भूसे व भाड़ में छिपाकर रखा गया था। मौके पर नीबू राम को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की नीबू राम हथियार बनाकर बिक्री करता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार धंधेबाज हत्या व चोरी के कई मामले का अभियुक्त रह चुका है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। हथियार बनाकर उसने किस किस को बेचा है इसकी भी जांच की जा रही है।