सड़क जाम करने वालों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
संवाद सूत्र, करगहर (रोहतास): पैक्स मतदाता सूची में अनियमितता को लेकर मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम करना महंगा पड़ा। जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने चार नामजद एवं दो सौ अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष शिवशकर प्रसाद ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर मुखिया संघ के अध्यक्ष सह कल्याणपुर पंचायत के मुखिया राजेश कुमार सिंह, समरडीहा पंचायत के मुखिया अनिल कुमार राय, बसडीहा पंचायत के मुखिया देवबंश तिवारी, जदयू किसान सेल के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार राय के अलावा दो सौ अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज साजिश के तहत कराई गई है। सड़क जाम करने की सूचना चार दिन पूर्व ही प्रशासन को दिया गया था। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराना गलत है।