ईद की तैयारी में महंगाई डायन की मार
संवाद सहयोगी, डेहरी-आनसोन (रोहतास) : महंगाई से ईद की तैयारी में खरीदारों के पसीने छूट रहे हैं। फिर भी ईद की खुशी में कोई कमी न रहे लोग इसका ख्याल रख खरीददारी कर रहे हैं। अलविदा की नमाज के बाद दुकानों पर भीड़ लगने लगी है।
ईद का त्योहार खुशियों के साथ मने इसके लिए बच्चों से ले बड़ों तक ने तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है।
सेवई, कुर्ता, पायजामा, टोपी, लुंगी, चूडि़यां, चप्पल, जूते, मोजा, बेल्ट, बेडसीट, रेडिमेड कपड़े आदि की खरीदारी पर ज्यादा जोर दिखा। टेलर मास्टरों ने तो हाउस फूल का बोर्ड लगा दिया है। खुशियों के इस त्योहार में किसी तरह की कमी नहीं रहे इसका ध्यान दिया जा रहा है। सबसे अधिक खुशी बच्चों में है। दुकानदारों के अनुसार पहले तो अभिभावक जो वस्तुएं बच्चों के लिए पसंद कर लेते थे, वहीं पसंद बच्चों की भी होती थी। अब बच्चे अपनी पसंद की प्रमुखता देते है। खरीदारी को ले पुरानी जीटी रोड स्थित मुख्य बाजार, सिनेमा रोड, स्टेशन रोड में देर रात तक चहल पहल दिखाई दे रही है। लेकिन बिक्री कम है। दुकानदारों का कहना है कि कीमतें बढ़ने से लोग खरीदारी कम कर पा रहे हैं। महंगे आइटम की बिक्री कम है। परंपरा का निर्वाह करने के लिए लोग नए वस्त्रों की खरीद रहे हैं। उसमें क्वालिटी से ज्यादा औपचारिकता का निर्वाह किया जाता है। कई शोरूम में ईद के लिए ब्रांडेड कपड़ों का सेट भी उपलब्ध है। लेकिन वह निम्न आय वर्ग के लोगों के बजट से बाहर है।
ईद में सामग्रियों की बढ़ी कीमत
सामान वर्तमान गत वर्ष
देशी घी का लच्छा 300 280
रिफाई का लच्छा 120 110
बनारसी लच्छा 60 50
इमामी लच्छा 60 50
रूमाली लच्छा 45 40
सेवई 80 60
काजू 480 650
बादाम 400 680
टोपी 35 25
कुर्ता साधारण 350 300
कुर्ता सिल्क 975 900
कुर्ता जैकेट 1100 1000