हत्यारे एक सप्ताह बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
निज प्रतिनिधि, इन्द्रपुरी (रोहतास) : तिलौथू के लेवड़ा गांव में किसान प्रकाश महतो की हत्या के सात दिनों बाद भी हत्यारे पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। जबकि मृतक के दामाद समेत सभी नामजद मृतक के परिवार से ही संबंध रखते हैं। मृतक की बेटी प्रेमलता कुमारी की मानें तो पुलिस जान बूझ कर अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उसने बताया कि हद तो तब हो गयी जब पुलिस ने नामजदों को गिरफ्तार करने के बजाए गांव के हीं मृतक के एक हमदर्द को पकड़ घंटों लाकअप में बंद रखा। बता दें कि मृतक प्रकाश महतो का सासाराम (बेदा) के पास ससुराल में मिली 5 बीघा जमीन को ले उनके अपने हीं दामाद पारस महतो के साथ कानूनी विवाद चल रहा था। इसी क्रम में उनकी हत्या कर दी गई। हत्या में साजिश कर्ता दामाद का साथ मृतक के कई परिजनों ने भी दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सभी नामजद घर से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर