60 हजार लोगों ने दहेज प्रथा एवं बाल विवाह के खिलाफ ली शपथ
गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर अनुमंडल क्षेत्र में दहेज प्रथा एवं बाल ि
गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर अनुमंडल क्षेत्र में दहेज प्रथा एवं बाल विवाह के खिलाफ अभियान शुरू किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अनुमंडल के तमाम सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में दहेज प्रथा एवं बाल विवाह के खिलाफ सरकारी कर्मियों एवं आम लोगों को शपथ दिलाया गया। अनुमंडल कार्यालय में प्रशिक्षु आइएएस सह एसडीओ शशांक शुभंकर की अगुवाई में बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डीएसपी सुनीता कुमारी, अवर निर्वाची पदाधिकारी अशरफ आफरोज, डीसीएलआर मनोज कुमार, सीओ संजीव त्रिवेदी, बीडीओ अकील अंजुम के अलावा अनुमंडल, प्रखंड, अंचल के कर्मी, कई विद्यालय के प्रधान व शिक्षक मौजूद थे। शपथ ग्रहण के मौके पर आओ हम आज से शपथ ले, दहेज न लेंगे न देंगे, दहेज हटाओ बहू नहीं बेटी लाओ, दहेज लेना एवं देना दोनों अपराध है आदि स्लोगन लिखी तख्तियां शपथ में शामिल अधिकारियों के हाथ में थी।
एसडीओ ने बताया कि अनुमंडल के सभी सरकारी, गैर सरकारी, संस्थान, पीएचसी, रेफरल अस्पताल, स्कूलों में भी इस अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि अनुमंडल में कुल साठ हजार लोगों ने इस शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेकर दहेज नही लेने न देने एवं बाल विवाह के खिलाफ शपथ लिए। उन्होंने अनुमंडल में मौजूद अधिकारियों, शिक्षकों एवं सरकारी कर्मी एवं अन्य को इस अभियान को सफल बनाने में भरपूर सहयोग करने की अपील की।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में भी गांधी जयंती के मौके पर गांधी जी के तैल चित्र पर फूल माला अर्पित करने के बाद बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ प्रभात फेरी निकाली गई। इस अभियान के तहत मल्हिरया पंचायत के मध्य विद्यालय मल्हिरया के बच्चों ने प्रधान धर्मेन्द्र पाडेय के अगुवाई में प्रभात फेरी निकाली।