बाढ़ की हालत बिगड़ी, डीएम ने सरकार से मांगे सौ नाव
पूर्णिया : जिले में बाढ़ की स्थिति और विकराल हो गई है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा
पूर्णिया : जिले में बाढ़ की स्थिति और विकराल हो गई है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है तथा कई नये इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। बाढ़ की हालत बिगड़ते देख डीएम पंकज पाल ने राहत-बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के संग आपात बैठक कर चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा की। बैठक के बाद डीएम ने प्रधान सचिव एवं आपदा प्रबंधन विभाग से एक सौ बड़ी नाव एवं सौ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम भेजने का अनुरोध किया है। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकार ने मुजफ्फरपुर एवं खगड़िया से नाव भेजने का निर्देश दिया है।
जिला में विशेष कर बायसी अनुमंडल क्षेत्र के तीन प्रखंडों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बायसी प्रखंड के 17 पंचायत, अमौर के 14 पंचायत एवं बैसा के 07 पंचायत पूर्ण रूप से प्रभावित है। जबकि अमौर के 11 पंचायत, बैसा के 09 एवं डगरूआ के 09 पंचायत आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित है। पूरे अनुमंडल क्षेत्र में साढ़े पाँच लाख से अधिक आबादी एवं डेढ़ लाख से अधिक परिवार बाढ़ प्रभावितों की पहचान की गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से 55 राहत शिविर संचालित किये जाने की जानकारी दी गई है। जिसमें दस हजार से अधिक व्यक्ति शरण ले रखे है। कुल 135 नाव अनुमंडल क्षेत्र में चलाये जा रहे है। जिसमें 112 सरकारी एवं 23 गैर सरकारी है। प्रशासन से मिली जानकारी अनुसार कुल साढ़े ग्यारह हजार से अधिक बाढ़ से घिरे व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। कुल चार मोटर बोट जिला प्रशासन के द्वारा संचालित किया जा रहा है। जबकि एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की ओर से 12 मोटर बोट आबादी निष्कासन तथा राहत-बचाव कार्य में संलग्न है।
सभी प्रखंडों में राहत और बचाव कार्य का निरीक्षण वरीय उप समाहत्र्ता स्तर के नोडल पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। अपर समाहत्र्ता, पूर्णिया अनुमंडल पदाधिकारी, बायसी के साथ अनुमंडल क्षेत्र में कैंप कर रहे है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी राहत कार्य के संचालन हेतु पारिवारिक सर्वेक्षण सूची के अनुसार राहत कार्य की तैयारी कर रहे है।
बाढ़ राहत बचाव एवं राहत वितरण के संबंध में डीएम पंकज कुमार पाल ने जिला स्तर पर एक आपात बैठक की जिसमें उप विकास आयुक्त, सहित जिले के वरीय उप समाहत्र्तागण उपस्थित हुए। दोपहर डीएम ने बायसी अनुमंडल क्षेत्र में जाकर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के पदाधिकारियों की आकस्मिक क्षेत्रीय बैठक बुलाकर राहत बचाव कार्य में सर्त्तकता एवं तीव्रता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही डीएम ने एक सौ बड़े नाव एवं एक सौ सदस्यीय एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीम भेजने की मांग की जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकार ने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन को 50 और खगड़िया जिले से 17 बड़े नाव भेजने का निर्देश दिया है। पटना से 65 एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच रही है।