लंबित मामलों की स्थिति पर बिफरे आईजी, सुधार का दिया निर्देश
पूर्णिया, जागरण संवाददाता: पूर्णिया के सदर अनुमंडल के थानों में लंबित मामलों की स्थिति देख दरभंगा प्
पूर्णिया, जागरण संवाददाता: पूर्णिया के सदर अनुमंडल के थानों में लंबित मामलों की स्थिति देख दरभंगा प्रक्षेत्र के आईजी अमित जैन बिफर पड़े। समीक्षा के दौरान वे यह देखकर दंग रह गये की कई मामलों में एक वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो किसी तरह की कोई कार्रवाई की गयी है और न ही उस मामले में अनुसंधानकर्ता द्वारा एक वर्ष तक कोई डायरी लिखी गयी है। आईजी ने इन लंबित मामलों में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। आईजी ने मामलों के निष्पादन में बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए कई थाना अध्यक्षों के खिलाफ जहां विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया वहीं कुछ थाना अध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ताओं को निंदन की सजा भी दी गयी। आईजी ने के. नगर थाना, सदर थाना एवं श्रीनगर थाना में दर्ज कई मामलों में बरती जा रही लापरवाही पर घोर आश्चर्य व्यक्त किया। आईजी श्री जैन ने बताया कि सदर थाने में सरकारी अनाज गबन के तीन मामले दर्ज हैं। एक मामले में 58 आरोपी हैं जिसमें चार सरकारी कर्मचारी भी है। मगर हैरत की बात यह है कि इस मामले में किसी भी सरकारी कर्मचारी तक को गिरफ्तार नहीं किया गया है। आईजी ने बताया कि इसमें से एक मामले के अनुसंधानकर्ता जहां खुद सदर थाना अध्यक्ष उदय कुमार हैं वहीं दो मामलों के अन्य पुलिस पदाधिकारी अनुसंधानकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि सदर थाने में सरकारी अनाज गबन का जो दूसरा मामला है उसमें भी न सिर्फ दो कर्मचारी आरोपी है बल्कि उनके सरकारी कर्मचारियों द्वारा न सिर्फ नौकरी की जा रही है बल्कि उनके द्वारा हर माह वेतन का उठाव भी किया जा रहा है। आईजी ने बताया कि के. नगर थाने में भी लंबित मामलों के निष्पादन की स्थिति काफी खराब है। वहां कई मामलों में आरोपी के गिरफ्तारी का निर्देश पुलिस के वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिये जाने के बाद भी लंबे समय से उसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि के. नगर थाना पुलिस द्वारा कुछ मामलों में काम किया गया है लेकिन अधिकांश मामलों में उनके द्वारा शिथिलता बरती गयी है। आईजी ने श्रीनगर थाने में भी कुछ मामलों के अनुसंधान में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई गयी। आईजी अमित जैन ने बताया कि इस समीक्षा के दौरान सदर पुलिस अनुमंडल के सभी थानों में लूट हत्या, दुष्कर्म सहित गंभीर मामलों की समीक्षा की। आईजी ने थानावार गंभीर मामलों की समीक्षा की तथा हर लंबित मामले में आवश्यक निर्देश दिया। आईजी की समीक्षा के दौरान पूर्णिया के पुलिस उप महानिरीक्षक राम नारायण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निशांत तिवारी भी मौजूद थे।