दीपावली की रात बन गई काल, एक दर्जन परिवारों के घर हुए राख
जानकीनगर (पूर्णिया), संस : सहुरिया सुमाय मिलिक के वार्ड नंबर 16 स्थित ईटहरी ततमा टोला में लगभग एक दर
जानकीनगर (पूर्णिया), संस : सहुरिया सुमाय मिलिक के वार्ड नंबर 16 स्थित ईटहरी ततमा टोला में लगभग एक दर्जन परिवारों के लिए दीपावली की शाम काल बन गई। भीषण अगलगी में एक पल में लोगों के सारे अरमान राख की ढेर में तब्दील हो गए। अलग-अलग 11 परिवारों में जीने का सहारा भी छीन गया, साथ ही पूरे परिवार के समक्ष दो जून की रोटी के लाले पड़ गए। घटना गुरूवार की शाम 6 बजे की है।
छोटे बच्चे द्वारा डिबिया जलाने के क्रम में चिंगारी फैली और देखते ही देखते बिंदेश्वरी शर्मा, पिंटू शर्मा, भोला शर्मा, कार्तिक शर्मा, शंभु शर्मा, प्रभु शर्मा, प्रमोद शर्मा, अरूण शर्मा, सीताराम शर्मा, गांगो शर्मा, मूंगिया देवी के घर जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में लाखों नकदी के अलावा जेवर-जेवरात, फर्नीचर के सभी सामान व अनाज सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना समाज कल्याण मंत्री लेसी सिंह, बनमनखी के एसडीओ मनोज कुमार, सीओ महेश प्रसाद सिंह व थानाध्यक्ष संजीव कुमार रजक को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों द्वारा दी गई। दमकल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजीव कुमार रजक ने भी आग बुझाने में सराहनीय सहयोग किया। अंचलाधिकारी महेश प्रसाद सिंहा ने बताया कि कर्मचारी से जांच-पड़ताल कराया गया। प्रतिवेदन प्राप्त होने पर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।
वहीं दूसरी ओर रूपौली उत्तर पंचायत के बेलतरी गांव में शुक्रवार की सुबह सिलेंडर से प्रवीण यादव के घर में आग लग गई। जिसमें घर में रखे सामान जलकर राख हो गए। उक्त दोनों पंचायतों के मुखिया रणविजय कुमार एवं संजय कुमार यादव ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में घटनास्थल पर पहुंचकर हरसंभव सहयोग का आश्वासन पीड़ित परिवारों को दिया।