भू-विवादों का निष्पादन एवं विधि-व्यवस्था होगी प्राथमिकता: आयुक्त
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : पूर्णिया प्रमंडल के नव पदस्थापित आयुक्त सुधीर कुमार ने शुक्रवार को कार्य
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : पूर्णिया प्रमंडल के नव पदस्थापित आयुक्त सुधीर कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय में अपना योगदान दे दिया है। विगत 22 अक्टूबर को उनका पदस्थापन पूर्णिया किया गया था। आयुक्त के पहुंचते ही कार्यालय कर्मियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। ज्ञात हो कि 80 के दशक में श्री कुमार प्रोबेशन पीरियड में पूर्णिया में कार्य कर चुके हैं। इस काल में वे कसबा में पदस्थापन के दौरान विधानसभा चुनाव भी करवाये थे। वे के नगर प्रखंड में भी सर्किल ऑफिसर के रूप में कार्य कर चुक हैं।
प्रमंडलीय आयुक्त का कार्यभार संभालने के बाद श्री कुमार ने बताया कि पूर्णिया में भू विवाद की समस्या गहरी हैं। भूमि विवाद के कारण ही यहां अधिकांश अपराध भी होते हैं। इसलिए भूमि विवादों का निपटारा उनकी प्राथमिकता सूची में होगी। हाल के दिनों में पूर्णिया परिक्षेत्र में अफवाहों के कारण कुछ सामाजिक तनाव भी हुए हैं। उनकी नजर उन पर भी है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर उनकी पैनी निगाह होगी तथा विधि-व्यवस्था भी उनकी भी प्राथमिकता सूची में होगी। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था को लेकर वे जल्द ही सभी डीएम एवं एसपी को निर्देश भी जारी करेंगे। उन्होंने लोगों से भी अफवाहों से बचने और ऐसे तत्वों की पहचान कर प्रशासन को सूचना देने की अपील की। आयुक्त श्री कुमार ने लोगों से पर्व त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि छठ पर्व को लेकर प्रशासन को सभी घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं सुविधा प्रदान करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सरकार के हाई अलर्ट के मद्देनजर सभी घाटों पर पुलिस की तैनाती का भी निर्देश दिया गया है।