शहर की सड़कों पर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : त्योहारों के मद्देनजर बुधवार को पुलिस जवानों ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : त्योहारों के मद्देनजर बुधवार को पुलिस जवानों ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला तथा लोगों को शांति एवं सौहार्द के साथ दीपावली एवं अन्य त्योहार मनाने का संदेश दिया। जवानों ने शहर के हर प्रमुख सड़कों एवं चौक-चौराहों का भ्रमण किया।
मार्च में पुलिस के अलावा सैप के जवान भी शामिल थे। फ्लैग मार्च का नेतृत्व सदर एसडीओ कुंदन कुमार एवं डीएसपी मनोज कुमार कर रहे थे। इस दौरान अधिकारी द्वय ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। एसडीओ एवं डीएसपी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दौरान असामाजिक तत्व विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से अफवाहें फैलाने का काम करते हैं। इसलिए अफवाहों से बचें तथा ऐसे लोगों की सूचना पुलिस को अवश्य दें। बताया कि अगर कोई असामाजिक तत्व कोई घिनौनी हरकत करते हैं तो उससे सख्ती से निपटा जायेगा।
दीपावली के उत्साह में कहीं से किसी तरह का बाधा न हो इसके लिए पुलिस मुस्तैद है।
दोपहर को स्थानीय केहाट थाना से पुलिस जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। जवानों का दस्ता मार्च करते हुए मधुबनी पहुंचा तथा वहां से पूरे शहर का भ्रमण किया। आर एन साव चौक, बस स्टैंड, मरंगा, सोनौली मोड़, बेलौरी, रानीपतरा, खुश्कीबाग, गुलाबबाग, गुंडा चौक, पूर्णिया सिटी, लाइन बाजार व मधुबनी समेत पूरे शहर के सभी चौक चौराहों पर रूक-रूक कर जवानों ने स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सभी मोहल्ला जाने वाली रूटों की भी जानकारी पुलिस अधिकारियों द्वारा ली गई। काली पूजा स्थल पर पहुंचकर वहां की व्यवस्था से अवगत हुए। फ्लैग मार्च के जरिए जवानों ने लोगों के बीच भाइचारगी का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि उत्साह में खलल डालने वालों पर कड़ी नजर है और सबक सिखाने के लिए पुलिस तैयार है। हर मोहल्लों के असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर पुलिस उस पर पैनी निगाह रख रही है। जवानों ने शांति एवं सौहार्द के साथ निर्भीक हो पर्व का आनंद लेने की अपील की। मार्च में एसडीओ कुंदन कुमार, डीएसपी मनोज कुमार के अलावा शहर के सभी थानों के थानाध्यक्ष शामिल थे।