राज्य स्तरीय ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता शुरू
जागरण संवाददाता, पूर्णिया : राजकीय कन्या उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी राजेश कुमार ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने राज्य के 16 जिलों से आए हॉकी टीम के प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि काफी कम समय में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसके बावजूद जो भी जिला प्रशासन से संभव हो पाया है सहयोग किया जा रहा है। पहले दिन खगड़िया व बक्सर के बीच बालक वर्ग में जबकि पूर्णिया और रोहतास की बालिका वर्ग का मैच खेला गया। बालक वर्ग के मैच में खगड़िया ने बक्सर को टाई ब्रेकर के जरिये 5-4 से पराजित किया वहीं बालिका वर्ग में बक्सर ने रोहतास को 3-0 से हराया
समारोह की अध्यक्षता करते अपर समाहर्ता धनंजय ठाकुर ने प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए सचेष्ट है। कोसी क्षेत्र में ऐसा आयोजन होने से खेल के प्रति लोगों का झुकाव बढे़गा तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय खिलाड़ी बने तथा देश का गौरव बढ़ाएं। सदर एसडीओ कुंदन कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्द्धन करते कहा कि खिलाड़ियों को आज जोश व जलवा दिखाने का दौर है। आज बच्चों का बचपन छिनता जा रहा है। बच्चे को होश संभालते ही कम्प्यूटर गेम में लग जाते है उन्हें खुले मैदान में खेलने का मौका नही मिलता है। ऐसे परिदृश्य में हॉकी जैसा खेल बच्चों के लिए काफी लाभप्रद है। हॉकी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि 'कौन कहता है आशमां में सुराख नहीं होता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो..'
जिला परिषद अध्यक्षा सुनिता देवी ने प्रतियोगिता में भाग लेने आये सभी खिलाड़ियों का पूर्णिया की धरती पर स्वागत करते कहा कि खेल को हमेशा खेल की तरह ही खिलाड़ियों को खेलना चाहिए। खेल में कभी किसी प्रकार की कमी नही आनी चाहिए। उन्होंने राज्य स्तरीय ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता के आयोजकों को आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सुचित्रा कुमारी एवं एसके संजू कर रहे थे। इससे पूर्व आगत अतिथियों का स्वागत स्थानीय छात्राओं द्वारा बुके प्रदान कर किया गया। स्वागत गान संत पीटर्स स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुति की गई। जबकि समूह गान माउंट कार्मेल स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। इनमें रोहतास, खगड़िया, कैमूर, बक्सर, मुजफ्फरपुर एवं पूर्णिया के खिलाड़ी शामिल थे। इस मौके पर हॉकी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारत, ओएसडी मो.कलीमुद्दीन अहमद, डीपीओ (सर्व शिक्षा) मो.नजीबुल्लाह, जिला खेल पदाधिकारी प्रमोद कुमार यादव, लायंस क्लब ग्रेटर के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, जिला फुटबॉल संघ के सचिव अजीत कुमार सिंह समेत स्कूल के शिक्षक, शिक्षिका, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद थे।