अनुमंडल पदाधिकारी के आग्रह पर टूटा भूख हड़ताल
बनमनखी (पूर्णिया), संस : भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रंजीत गुप्ता एवं परिषद कार्यकर्ता सह अधिवक्ता अमितेश सिंह द्वारा क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति के विरूद्ध बीते शनिवार की सुबह से किया जा रहा आमरण भूख हड़ताल रविवार की दोपहर समाप्त हो गया। लगभग 12 बजे अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुरेंद्र दास के विशेष आग्रह एवं बिजली विभाग के एसी द्वारा विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के दिए व्यवस्था के आश्वासन के बाद तोड़ा गया। एसडीओ मनोज कुमार एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. दास द्वारा भूख हड़ताल पर बैठे भाजपा के कार्यकर्ता द्वय को जूस पिलाकर हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं के इस भूख हड़ताल का आम लोगों को भी जबरदस्त समर्थन मिला। सरसी वासियों ने भी सड़क जाम कर भूख हड़ताल को समर्थन दिया।
भाजपाइयों के भूख हड़ताल समापन के वक्त विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पंकज पटेल, ललन सिंह, मनोज सिंहा, ममता देवी, मो. साकिब, सूरज गुप्ता, संतोष चौरसिया, दिनेश चौधरी, इंद्रशेखर सिंह, मुकेश पांडेय, लाल बिहारी यादव, भाजयुमो के शिव कुमार सुमन, मंगल सिंह, सुरेश जैन, दिवाकर मंडल सहित सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।