गड़ासा से गला रेतकर बहू ने की ससुर की हत्या
बड़हरा कोठी (पूर्णिया), संस : थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्राही गांव में मंगलवार की रात्रि 75 वर्षीय मनीलाल यादव की गला रेतकर हत्या उनकी बड़ी बहू अनिता देवी ने कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष हत्या किये जाने की बात स्वीकार कर ली है।
जानकारी अनुसार मृतक अपने दरवाजे पर अकेले सोए हुए थे। सुबह परिजनों के जगने पर उनकी हत्या का पता चला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही बीकोठी पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक की बहू अनिता देवी से गहन पूछताछ की। जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से गड़ासा भी जब्त किया। बताया जाता है कि मृतक के दोनों पुत्रों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर दो दिन पूर्व भी पंचायत हुई थी। पंचायत में यह तय हो गया था कि एक सप्ताह के बाद दोनों भाई को जमीन आधी-आधी बांट दी जाएगी। हालांकि मृतक ने साढ़े चार बीघा जमीन बड़े बेटे को पहले रजिस्ट्री कर दी थी। पंचायत में यह तय हुआ कि छोटे बेटे को भी साढ़े चार बीघा जमीन रजिस्ट्री करने के बाद शेष जमीन दोनों भाई को बराबर बांट दी जाएगी। यही रजिस्ट्री किये जाने की बात उनकी हत्या का कारण बना। मामले की जांच में एसआई राघव कुमार, नरेश कुमार और पुलिस बल शामिल थे।