खामोश..बहुत जान है इस सभा में..
कसबा (पूर्णिया), संस : खामोश..बहुत जान है इस सभा में..। एक बिहारी सब पर भारी। भीड़ को चीरते हुए लोगों की आवाज आने के बाद भाजपा सांसद सह सिने अभिनेता बिहारी बाबू ने मंच पर चढ़ते ही कहा खामोश। कुछ देर तक लोग सन्नाटे में रहे। इसके बाद बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिंहा ने कहा कि सभी बिहारी सभी विरोधियों पर भारी। जिंदगी जिंदा दिली का नाम है। मुर्दा दिल क्या खाक जिएगा। उक्त बात गढ़बनैली कलानंद उच्च विद्यालय स्थित खेल मैदान में आयोजित भाजपा द्वारा पूर्णिया लोकसभा के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिंहा ने कही। कहा कि देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए तथा देश को गौरवान्वित करने के लिए पूर्णिया को सांसद उदय सिंह एवं देश को नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री की जरूरत है। पूरे देश में एकता का संदेश जाएगा। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, रेलगेट, टूजी, खेल गेट और कॉलगेट सभी खत्म हो जाएगा। वहीं जदयू पर प्रहार करते हुए कहा कि मुख्य लड़ाई दो के बीच है। वहीं उदय सिंह को जीत का माला पहनाते हुए चलते-चलते फिल्मी अंदाज में कहा खामोश.. आपका परिवार, आपका व्यापार, आपका पूर्णिया हमेशा जिंदाबाद। इसके पूर्व भाजपा प्रत्याशी उदय सिंह ने बरेटा गांव का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद से भी आजतक इस गांव में पूर्ण बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
इस अवसर पर अमौर के भाजपा विधायक सवा जफर ने कहा कि कोई भी सांसद ना हिंदू का होता है ना ही मुसलमान का वह जनता का होता है। हमारे सांसद उदय सिंह चौकीदार हैं, सांसद का काम पक्षपात करना नहीं है।
प्रदेश मंत्री विजय खेमका ने कहा कि बिहार सरकार एक ओर बच्चों को साइकिल देती है तो दूसरी ओर उसके पिता को शराब पिलाते है। बिहार सरकार ने हमारे सांसद को बदनाम करने के लिए सांसद कोटा के रूपए को रोका है। अब हम सभी जनता एक-एक वोट कमल फूल पर देकर उसे रोक देंगे।
जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार मिर्धा ने कहा कि करोड़ों लोगों का मेला है कौन कहता है मोदी अकेला है। संपूर्ण भारत वर्ष में एक ही नारा है नमो-नमो। सभा को प्रदेश मंत्री तारा साह, जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर, वरूण कुमार विश्वास, अमरेंद्र सिंह कुशवाहा, राजीव कुमार मांझी आदि ने संबोधित किया।