आग लगने से दर्जनों घर राख, महिला झुलसी
केनगर (पूर्णिया), संस : प्रखंड के झुन्नी इस्तम्बार पंचायत में बेगमपुर गांव के टिकटिकी पाड़ा टोला वार्ड नंबर 11 में सोमवार की दोपहर आग लगने से दर्जन भर घर जलकर राख हो गया। वहीं आग से बचाने के लिए लगभग आधा दर्जन घरों को तोड़कर तहस-नहस कर दिया गया। इसी आग में एक महिला भी झुलस गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार मो. मंसूर, मो. शमशेर, मो. मंजूर, हसीबुर्रहमान, मो. शाहजहां, मो. इमाजउद्दीन, मो. रहीम, मो. मोकीम, मो. मुस्तफा, मो. लुकमान, अब्दुल गफ्फार आदि का घर जलकर राख हो गया। घर में रखे सभी सामान, अनाज, नकदी तथा जेवरात भी जलकर राख हो गये। बताया जाता है मो. मंसूर अपनी बेटी की शादी के लिए नकदी के साथ जेवरात तथा हसीबुर्रहमान भी अपनी बेटी की शादी के लिए रूपये घर में रखा था वह भी जलकर राख हो गया। आग से बचने के लिए मो. जुबेर, मो. दुलाल, मो. अलाउद्दीन का घर ग्रामीणों ने तोड़ डाला एवं पंपसेट चलाकर आग पर काबू पाया गया। यद्यपि अग्निशामक दस्ता भी घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन इससे पूर्व ही आग पर काबू पा लिया गया था।
केनगर अंचलाधिकारी विनोद कुमार घटना के बाद अग्निपीड़ितों की सुधि लेने पहुंचे तथा पीड़ितों को 4200 रूपए नकद एवं एक क्विंटल अनाज मुहैया कराया।