Move to Jagran APP

हिंदू-मुस्लिम भारत मां की दो आंखें : सुशील

By Edited By: Published: Sun, 20 Apr 2014 07:39 PM (IST)Updated: Sun, 20 Apr 2014 07:39 PM (IST)

जेएनएन, किशनगंज/पूर्णिया : हिंदू-मुस्लिम भारत मां (देश) की दो आंखें हैं। मां की आंखों और बांहों को मजबूत करने के लिए हिंदू-मुस्लिम एकजुट हों। भाजपा के प्रत्याशियों को वोट दें। जरा याद कीजिए पिछले 11 वर्षो से भाजपा के शासन काल में गुजरात में एक भी दंगा नहीं हुआ। मगर भागलपुर में किसके राज में दंगा हुआ? गोवा, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी भाजपा की सरकारें हैं। भाजपा ने वहां कभी भी हिंदू, मुस्लिम के बीच भेदभाव नहीं किया। जबकि कांग्रेस मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाकर वोट लेती रही है। अब ऐसा न होने दें। कांग्रेस ने 60 सालों तक केवल देश को लूटा है। उसके शासन काल में टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, कोयला घोटाले समेत कई घोटाले हुए हैं। यानी लूट का दूसरा नाम कांग्रेस है। ये बातें राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने रविवार को किशनगंज व पूर्णिया में कहीं। सुशील किशनगंज में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. दिलीप जायसवाल और पूर्णिया के बायसी विधानसभा उप चुनावों में भाजपा प्रत्याशी शमीम अख्तर के समर्थन में टेढ़ागाछ के कुवाड़ी हाट मैदान, ठाकुरगंज के गांधी मैदान व बायसी प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय के समीप जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

सुशील ने उपस्थित लोगों के बीच से गुजरात में काम करने वाले एक व्यक्ति को बुलाया। पूछा, गुजरात कैसा है। इस पर मु. कमाल आलम नामक व्यक्ति ने मंच पर आकर कहा कि गुजरात शंाति प्रिय राज्य है।

सुशील बोले, हमारा गठबंधन लोजपा से है। सवाल किया, क्या लोजपा सांप्रदायिक है? नीतीश पर कटाक्ष किया कि 17 साल से साथ थे तब हम सांप्रदायिक नहीं थे। आज प्रधानमंत्री बनने को लेकर हम सांप्रदायिक हो गए। मोदी ने कहा कि बीमार पड़ने पर अच्छा डॉक्टर, कोर्ट केस होने पर अच्छा वकील, शिक्षा के लिए अच्छे शिक्षक खोजते हैं। उनमें जाति नहीं खोजते तो चुनाव में जाति क्यों? इसलिए जात-पात से ऊपर उठकर अच्छा जनप्रतिनिधि चुनें। क्योंकि मजबूत सरकार बनेगी तो विकास होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 60 वर्षो में जो नहीं किया वह अटल बिहारी वाजपेयी ने छह वर्र्षो में कर दिखाया। हम बिहार सरकार में सात साल उप मुख्यमंत्री थे। बीजेपी के 12 मंत्री थे, हमने कभी हिंदू-मुस्लिम का फर्क नहीं किया। हमने सभी जातियों के लिए काम किया। मैं खजाने का मंत्री (वित्त मंत्री) था तो कब्रिस्तान की घेराबंदी, मुस्लिम छात्रों को छात्रवृत्ति आदि योजना में कभी कमी नहीं आने दी।

सुशील ने नरेंद्र मोदी को गरीब का बेटा बताया। बोले, गरीब का दर्द गरीब ही समझ सकता है। राहुल गांधी को क्या मालूम कि गरीबी क्या होती है। लालू ने 15 सालों में बिहार को जंगल राज में बदल दिया। गुजरात में 10 लाख बिहारी अमन-चैन के साथ काम कर रहे हैं।

जनसभाओं को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सीपी ठाकुर ने भी संबोधित किया। डॉ. ठाकुर ने कहा कि धर्म के नाम पर ईमान ने मैदान छोड़ दिया यह देश के लिए अच्छा नहीं हुआ। कांग्रेस के राज में एक लाख 80 हजार करोड़ का कोयला घोटाला हुआ। इन रुपयों में से थोड़ा सा भी विकास पर खर्च होता तो तस्वीर अलग होती।

सभाओं को भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधानसभा प्रत्याशी शमीम अख्तर और अमौर विधायक सवा जफर ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.