रेड लाइट एरिया पर ग्रामीणों ने बोला धावा
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : सदर थाना क्षेत्र के कटिहार मोड़ स्थित रेड लाइट एरिया में गुरुवार को ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। स्थानीय लोगों ने पांच दर्जन से अधिक घरों को तोड़ डाला और इनमें लूटपाट भी की। एक घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। इसके बाद वहां पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाया। ग्रामीण देह व्यापार मंडी को यहां से हटाने की मांग कर रहे थे। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम में भी यहां पुलिस ने छापा मारकर कई महिलाओं को पकड़ा था। छापेमारी के बाद वहां से भागी कई महिलाओं को स्थानीय लोगों ने कमरे में बंद कर दिया था। ग्रामीणों ने गुरुवार को इन महिलाओं को पुलिस को सौंप दिया। पकड़ी गई महिलाओं को पुलिस को सौंपे जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने रेड लाइट एरिया में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट शुरू कर दी। इस तोड़फोड़ के दौरान विरोध करने वाली कई महिलाओं की पिटाई भी की गई। तोड़फोड़ एवं लूटपाट की शिकार महिलाओं का कहना था कि वे इस क्षेत्र में रहती जरूर हैं लेकिन उनका इस धंधे से कोई लेना-देना नहीं है। इन्होंने बताया कि सैकड़ों ग्रामीणों ने दुकान की गुमटियों को पलटा दिया गया तथा उसमें रखे सामानों को लूट लिया। घटनास्थल पर सबसे पहले मुफ्फसिल थाना की पुलिस पहुंची लेकिन तोड़फोड़ करने वाले लोगों की संख्या अधिक थी। लोगों ने पुलिस की बात नहीं सुनी। पुलिस के सामने ही तोड़फोड़ जारी रही। घंटे भर के हंगामे के बाद जब सदर थाना समेत अन्य थानों की पुलिस पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बाद में सदर डीएसपी मनोज कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।