पूर्णिया रेड लाइट एरिया में छापा, 45 लड़कियां गिरफ्तार
पूर्णिया, जागरण संवाददाता: पूर्णिया की तीन रेड लाइट एरिया में बुधवार की शाम एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने देह व्यापार में लिप्त 45 लड़कियों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी हैं। इसके अलावा पांच दलाल भी इस छापेमारी में पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। रेड लाइट एरिया में यह छापेमारी कमजोर वर्ग की एसपी किम शर्मा के नेतृत्व में की गयी, जिसमें आधे दर्जन से ज्यादा थानों की पुलिस एवं थाना अध्यक्ष के अलावा महिला थानाध्यक्ष बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी एवं सदर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार भी शामिल थे। यह छापेमारी डेढ़ घंटे तक चली। छापेमारी का नेतृत्व कर रही किम शर्मा ने बताया की सीमांचल के रेड लाइट एरिया में बड़े पैमाने पर मानव तस्करी की जा रही है। यहां के रेड लाइट एरिया के एक दर्जन से ज्यादा दलालों द्वारा देह व्यापार के धंधे का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन दलालों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र स्थित तीन रेड लाइट एरिया में पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने धावा बोला। एक टीम जहां जीरो माइल स्थित रेड लाइट एरिया छापेमारी में जुटी जिसकी कमान सदर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार संभाल रहे थे। जबकि दूसरी टीम कटिहार मोड़ स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी कर रही थी जिसकी कमान सदर एवं सहायक खजांची थानाध्यक्ष ने संभाल रखी थी। तीसरी पुलिस की टीम मुजरापंट्टी मे छापेमारी कर रही थी। छापेमारी में जीरोमाइल से 15, मुजरापंट्टी से 17 एवं कटिहार मोड़ से 13 लड़कियां पकड़ी गयी। पुलिस पकड़ी गयी सभी लड़कियों को सदर थाना लाकर पूछताछ कर रही है।