सेतु पर बढ़ा वाहनों दबाव, लगा जाम
महात्मा गांधी सेतु पर एक बार फिर जाम गहराने लगा है।
पटना। महात्मा गांधी सेतु पर एक बार फिर जाम गहराने लगा है। सोमवार को सुबह से लेकर देर शाम तक सेतु पर वाहनों की कतार लगी रही। घंटों जाम में फंसे यात्री परेशान होते रहे। खरमास खत्म होते ही बारात को जाम का कारण बताया जा रहा है। जगह-जगह तैनात पुलिस कर्मी वाहनों को रफ्तार देने के प्रयास में लगे रहे।
गांधी सेतु पर लगे जाम का असर जीरो माइल तथा एनएच पर भी देखा गया। सेतु के मार्ग की बदहाल स्थिति तथा पाया संख्या 46 से लेकर 38 तक के बीच वन-वे की वजह से भी वाहनों की कतार लगी रही। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहनों के परिचालन में काफी परेशानी होती रही।
ट्रैफिक थानाध्यक्ष रविन्द्र राम ने बताया कि वाहनों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी से सेतु पर दबाव बढ़ा है। तैनात जवान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि सेतु पर ओवरटेक करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।