सिटी एसपी के सामने पेश हुआ वैशाली का प्रेमी युगल
वैशाली के महनार से गायब लड़की का अपहरण नहीं, बल्कि वह मर्जी से प्रेमी के पास गई थी।
पटना। वैशाली के महनार से गायब लड़की का अपहरण नहीं, बल्कि वह मर्जी से प्रेमी के पास गई थी। शादी कर प्रेमी के साथ रहने लगी। जब पता चला कि लड़की के परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज कराया और पुलिस उनकी तलाश कर रही है तो बुधवार को प्रेमी युगल खुद ही प्रभारी एसएसपी चंदन कुशवाहा के सामने पेश हो गए। दोनों ने खुद को बालिग बताया। पुलिस ने वैशाली पुलिस को लड़की के बारे में जानकारी दी है।
दस साल से प्यार :
लड़की महनार निवासी है और लड़का वैशाली के करनौटी गांव का है। दोनों के बीच पिछले दस वर्ष से गहरे संबंध हैं। लड़की आठ दिन पूर्व घर से गायब हो गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के घर पता किया। कोई सूचना नहीं मिलने पर नजदीकी थाने में अपहरण का केस दर्ज करा दिया। पुलिस लड़की की तलाश में जुट गई है। लड़का कर्नाटक में बैंकिंग सिस्टम में काम करता है। वह कुछ दिन पहले अगमकुआं आया था। इसी बीच लड़की उसके पास चली आई। दोनों ने शादी कर ली और साथ रहने लगे। लड़की को पता चला कि उसके घर वालों ने थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया है तो डर से दोनों बुधवार को दोपहर प्रभारी एसएसपी के ऑफिस में पहुंचे और पूरी कहानी बताई। लड़का और लड़की ने मैट्रिक का सर्टिफिकेट भी दिखाया और खुद को बालिग बताया। प्रभारी एसएसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि वैशाली पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। लड़की का कोर्ट बयान दर्ज कराया जाएगा।