RSS के आरक्षण पर बयान पर बोले कुशवाहा, PM को कमजोर कर रहे चाटुकार
संघ के प्रचार प्रमुख के आरक्षण संबंधी बयान पर राजनीति अभी भी गर्म है। इसपर प्रतिक्रिया में केंद्रीय मंत्री उपेेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि पीएम मोदी को कुछ लोग भ्रमित कर रहे हैं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। आरएसएस के प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य के आरक्षण संबंधी बयान पर विपक्षी दलों के साथ अब एनडीए के घटक दलों ने भी भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक न्याय को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करना चाहते हैं, लेकिन कुछ चाटुकार उन्हें भ्रमित कर कमजोर कर रहे हैं।
कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री के इर्द- गिर्द का माहौल उनके विचारों को क्रियान्वित करने के अनुकूल नहीं है। इससे भाजपा को क्षति हो रही है। कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आरक्षण के विरोध में बयान जारी कर दिया गया था। इससे एनडीए के पक्ष में माहौल होने के बाद भी नतीजा महागठबंधन के पक्ष में चला गया। अब उत्तर प्रदेश में चुनाव के ठीक पहले आरक्षण पर बयान फिर जारी कर दिया गया है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपने रवैये में सुधार लाने की जरूरत है। आरक्षण का पक्ष लेतेए उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और न्यायिक सेवा में भी पिछड़े वर्ग को आरक्षण मिलना चाहिए। मीडिया में भी आरक्षण का प्रावधान होना चाहिए। मीडिया में जब तक पिछड़ों- अति पिछड़ों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तब तक उनकी आवाज बुलंद नहीं होगी।