पढ़ें- स्वाभिमान रैली की 11 खास बातें...
महागठबंधन की स्वाभिमान रैली में समर्थकों की भीड़ सुबह से ही उमड़ने लगी है। आइए देखें रैली से जुड़ी कुछ खास बातें...
1. गांधी मैदान में आज होने जा रही स्वाभिमान रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वृहद विपक्षी एकजुटता की शुरुआत के तौर पर देखी जा रही है।
2. रैली सुबह 11 बजे से आरंभ होकर दोपहर तीन बजे संपन्न हो जाएगी।
3. दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर करीब 30 लोग बैठेंगे। इस मंच पर सोनिया गांधी, नीतीश कुमार और लालू प्रसाद के अलावा जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव एवं सभी दलों के राष्ट्रीय नेता मौजूद रहेंगे। तीनों दलों के विधानमंडल दल के नेता भी इसी मंच पर रहेंगे।
4. लालू-नीतीश के साथ सोनिया गांधी पहली बार बिहार में मंच साझा करेंगी।
5. मुख्य मंच के ठीक दाएं 300 लोगों के बैठने की क्षमता का दूसरा मंच बना है। इस पर सभी मंत्री, सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद रहेंगे।
6. मुख्य मंच के सामने 'डी एरिया' के ठीक बाद करीब एक हजार विशिष्ठ व्यक्तियों को जगह मिलेगी, जिनमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं पूर्व विधान पार्षद भी शामिल हैं।
7. गांधी मैदान में कुल 22 ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें दो महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं।
8. डीएनए जांच के सैंपल के लिए गांधी मैदान के चारों ओर 80 काउंटर बनाए गए हैं। प्रदेश भर में अब तक 17 लाख सैंपल जमा हो चुके हैं।
9. शनिवार दोपहर से ही लोगों का आना आरंभ। हर मंत्री, विधायक एवं विधान पार्षद के आवास पर बाहर से आए कार्यकर्ताओं के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।
10. स्वाभिमान रैली की लाइव वेब-कास्टिंग की जाएगी।
11. नीतीश का दावा है कि यह ऐतिहासिक रैली होगी वहीं लालू ने कहा है कि हम गांधी मैदान को पाट देंगे।