सुशील मोदी ने मांझी और रघुवंश सिंह को दिया न्यौता, कहा- भाजपा में आ जाइए
सीएम नीतीश को महागठबंधन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने वाले पूर्व सीएम जीतनराम मांझी और राजद के रघुवंश सिंह को डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने भाजपा में आने का न्यौता दिया।
पटना, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महागठबंधन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और राजद के वरिष्ठ नेता प्रो. रघुवंश प्रसाद सिंह को उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा में शामिल होने का न्यौता दिया है। मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।
मोदी मंगलवार को एक सरकारी समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मांझी जिस नाव पर सवार है, वह डूबने वाली है। लिहाजा, उन्हें जल्द से जल्द वहां से निकल जाना चाहिए। हम उनके लिए जगह बना देंगे। मालूम हो कि मांझी साल भर पहले तक एनडीए के हिस्सा थे। विधानसभा का पिछला चुनाव एनडीए के साथ लड़े थे।
मोदी ने राजद के वरिष्ठ नेता प्रो. रघुवंश प्रसाद सिंह के बारे में कहा कि वे अच्छे आदमी हैं। लेकिन, राजद में उनकी कोई इज्जत नहीं करता है। वे भाजपा में चले आएं तो अच्छा रहेगा। हम उनका स्वागत करेंगे। भाजपा में उन्हें पूरी इज्जत मिलेगी। प्रो. सिंह ने सोमवार को कहा था कि नीतीश कुमार को भाजपा विरोधी दलों के मोर्चा में शामिल हो जाना चाहिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप