अंधविश्वास : चाकू-कैंची से पेट काटकर करता है इलाज, जा सकती है जान
समस्तीपुर जिले में इलाज के नाम पर महिलाओं की जान से खिलवाड़ करने की एक घटना सामने आई है। इसका वीडियो देखकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे एक अनपढ गंवार इंसान महिलाओं की जान से खिलवाड़ कर रहा है।
पटना। समस्तीपुर जिले में इलाज के नाम पर महिलाओं की जान से खिलवाड़ करने की एक घटना सामने आई है। इसका वीडियो देखकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे एक अनपढ गंवार इंसान महिलाओं की जान से खिलवाड़ कर रहा है।
समस्तीपुर के वाजितपुर में रहने वाला एक अनपढ इंसान, जिसे लोग भगत बाबा कहते हैं, गांव की भोली-भाली महिलाओं की बीमारियों का इलाज ऐसे कर रहा है, जिसमें एक जरा सी चूक से उनकी जान पर बन सकती है।
क्या है वीडियो में
वीडियो में जिस तरह से भगत बाबा चाकू और कैंची से महिलाओं के पेट पर चीरा (ऑपरेशन) लगाए जा रहा है, वो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। साथ ही, यह जानलेवा भी है। हैरानी की बात यह है कि यहां के मरीज और उनके परिवार के लोग इस शख्स के ऐसे इलाज पर भरोसा करते हैं।
महिला मरीजों का करता है इलाज
भगत के पास ऐसी महिलाएं ज्यादा पहुंचती हैं, जिन्हें किसी कारणवश बच्चा नहीं होता। अंधविश्वास में डूबी महिलाएं भगत की झोपड़ी में आती हैं और भगत महिलाओं के पेट पर चाकू और कैंची की सहायता से एक छोटा चीरा लगा देता है। चीरा लगाने के बाद वह सिकाई कर महिलाओं को घर भेज देता है।
चीरा लगाने के औजार की न साफ-सफाई होती है न ही कोई सुरक्षा और दवा का ही इंतजाम है। एेसे अंधविश्वास में पड़कर आज देश के पिछड़े इलाकों में हजारों लोगों की जान चली जाती है।
हमेशा लगी रहती है भीड़
बताया जाता है कि भगत के पास हर हफ्ते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा होती है। वे किसी न किसी बीमारी से पीड़ित होते हैं। इलाज के नाम पर भगत इन लोगों पर जुल्म करता रहता है, लेकिन कोई विरोध तक नहीं करता। भगत का दावा है कि यहां बच्चा पैदा करने से लेकर सभी बीमारियों का पक्का इलाज होता है।