क्लासरूम में जवान, बरामदे में दरी पर हो रही परीक्षा
कक्षा में जवानों के कब्जे के कारण शनिवार को बालक व कन्या मध्य विद्यालय अदालतगंज और मध्य विद्यालय मीठापुर, अशोक मार्केट के सैकड़ों बच्चों ने बरामदे में दरी पर बैठकर वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा दी।
पटना। कक्षा में जवानों के कब्जे के कारण शनिवार को बालक व कन्या मध्य विद्यालय अदालतगंज और मध्य विद्यालय मीठापुर, अशोक मार्केट के सैकड़ों बच्चों ने बरामदे में दरी पर बैठकर वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा दी। स्कूलों में पहले से ही कमरों की कमी है। इनमें से तीन कमरों में जवानों के ठहरने से परेशानी और बढ़ गई है।
सातवीं की छात्रा रश्मि ने बताया कि फर्श पर बैठकर प्रश्नों को हल करने में असहजता होती है। कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार मिश्रा ने बताया कि स्कूल के दो कमरों में जवान ठहरे हैं। इससे बच्चियों को परीक्षा देने में परेशानी हो रही है। अन्य बच्चों ने भी इसी तरह की शिकायत स्कूल प्रशासन से की है। बालक मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापक फुल कुमारी ने बताया कि स्कूल में ऑफिस छोड़कर तीन ही कमरे हैं। इनमें से एक में जवान ठहरे हुए हैं। बरामदे में परीक्षा लेनी मजबूरी है।
विधानमंडल सत्र तक रहेंगे जवान
स्कूलों में ठहरे विभिन्न जिलों के जवानों ने बताया कि उनकी ड्यूटी विधानमंडल सत्र के लिए लगाई गई है। राजधानी के एक दर्जन स्कूलों में 300 से अधिक जवान ठहराए गए हैं। इनमें से आठ प्राथमिक व मध्य विद्यालय हैं। भोजपुर के जवान रोहित कुमार ने बताया कि स्कूलों में आवासन की व्यवस्था करने से जवानों को भी परेशानी होती है। प्राचार्यो ने बताया कि विधानमंडल का सत्र शुरू होते ही जवान आ धमकते हैं।
राजधानी के इन स्कूलों में ठहरे हैं जवान
राजधानी के मध्य विद्यालय, धिराचक, गर्दनीबाग मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय शेखपुरा, मध्य विद्यालय शास्त्रीनगर, कन्या मध्य विद्यालय अदालतगंज (तारामंडल), बीएमपी-5 मध्य विद्यालय फुलवारीशरीफ, मध्य विद्यालय फुलवारीशरीफ, मध्य विद्यालय कुम्हरार, उच्च विद्यालय लालजी टोला, मनोरमा विद्यापीठ उच्च विद्यालय, केदारनाथ बालिका उच्च विद्यालय यारपुर, महेश उच्च विद्यालय, अनिसाबाद में विभिन्न जिलों के जवान ठहरे हैं।
बयान :
जिला प्रशासन के निर्देश पर राजधानी के कुछ स्कूलों में जवानों के आवासन के निर्देश दिए गए हैं। पढ़ाई प्रभावित नहीं हो इसे ध्यान में रखते हुए ही कमरे उपलब्ध कराने थे। कुछ स्कूलों में परेशानी हो रही है, तो उसे दूर किया जाएगा।
एम दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी