स्वाभिमान रैली में सोनिया गांधी ने कहा : अपनी गरिमा खो चुके प्रधानमंत्री
राजधानी में आयोजित महागठबंधन की स्वाभिमान रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि वे आज बिहार के स्वाभिमान को धार देने आईं हैें। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्रधानमंत्री अपनी गरिमा खो चुके हैं।
पटना। राजधानी में आयोजित महागठबंधन की स्वाभिमान रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि वे आज बिहार के स्वाभिमान को धार देने आईं हैें। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्रधानमंत्री अपनी गरिमा खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 56 इंच का सीना दिखाकर किए थे वादे, लेकिन सीमा पर हर दिन जवान शहीद हो रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नपे-तुले अंदाज और सधे हुए वाक्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर हुईं। कहा कि शो-बाजी (दिखावे) में प्रधानमंत्री ने एक चौथाई समय काट दिया, लेकिन एक काम नहीं किया। उनके सारे वादे खोखले साबित हुए।
बढ़-चढ़ कर चुनौती देने वाले प्रधानमंत्री बताएं कि पाकिस्तान के प्रति उनकी क्या नीति है? आज सीमा पर हमारे जवान शहीद हो रहे हैं, वहां के निवासी परेशान है, जबकि प्रधानमंत्री ने मौन का रास्ता अपनाया हुआ है। कहां गया 56 इंच का सीना?
उन्होंने कहा कि हम सब उनके खिलाफ एक मंच पर खड़े हैं। भाजपा के झूठे वादों और सांप्रदायिक सोच का मुकाबला करने के लिए हम साथ हुए हैं।
सोनिया ने कहा कि बिहार के लोग अपने सम्मान की रक्षा किसी भी कीमत पर करते हैं, लेकिन कुछ लोगों को बिहार को नीचा दिखाने में बहुत आनंद आता है। कुछ लोग कभी बिहारी कल्चर का मजाक उड़ाते हैं, कभी बिहार के डीएनए को खराब कहते हैं तो कभी बिहार को बीमारू बताते हैं; लेकिन कांग्रेस ने हमेशा बिहार के लोगों की प्रतिभा का सम्मान किया है। हर क्षेत्र में बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाने में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है।
सोनिया ने कहा, संप्रग शासनकाल में कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत हुई, जिनके आधार पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ा। इसमें लालू प्रसाद का भी योगदान रहा है। बिहार को और आर्थिक सहयोग चाहिए। यह उसका हक है। किसी की दया उसे नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादे तो नहीं निभाए, उल्टे विभिन्न योजनाओं में कटौती कर दी, जिसके कारण आज गरीब, महिलाएं एवं बच्चे-बच्चियां परेशान हैं।
उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा जनता से किए वादों को गिनाते हुए पूछा कि इन वादों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि सद्भाव के रास्ते ही बिहार विकास करेगा। हमारा महागठबंधन सभी जातियों के गरीबों एवं वंचितों की आवाज बनेगा। बिहार के लोग अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए महागठबंधन को अपना पूरा समर्थन देंगे।