शिवानंद तिवारी बोले- सुशील मोदी बहुत बड़े नमूने हैं
शिवानंद तिवारी ने सुशील मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वे एक बहुत बड़े नमूने हैं। उनका काम सिर्फ दूसरों पर आरोप लगाना है। हमेशा छोटापन का काम किया है।
पटना [जेएनएन]। जदयू नेता शिवानंद तिवारी ने भाजपा नेता सुशील मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वे एक नंबर के नमूने हैं। उनके पास कोई काम नहीं है, इसलिए दूसरों पर बेबुनियाद आरोप लगाते रहते हैं। वे मेरे दोनों बेटे के खिलाफ राजनीति कर रहे हैं। झूठे आरोप लगा रहे हैं। झूठ की राजनीति कर रहे हैं।
शिवानंद तिवारी ने कहा कि सुशील मोदी कहते हैं कि लालू यादव रेलमंत्री रहते हुए अवैध तरीके से संपत्ति बनायी है। यदि ऐेसा है तो वे इसकी जांच की मांग क्यों नहीं करते हैं? आज तीन साल से केंद्र में उनकी सरकार है। यदि रेलवे में ऐसा कुछ हुअा है तो इसकी जांच करवायें। सबकुछ साफ हो जायेगा।
शिवानंद ने आगे कहा कि सुशील मोदी दूसरे पार्टी पर आरोप लगाते हैं कि वे पैसे लेकर विधायक, सांसद और मंत्री बनाते हैं। हमने तो ऐसा सवाल कभी नहीं किया। उनकी पार्टी भी कई लोगों को राज्यसभा में भेजती है। पहले उनको बताना चाहिए कि राज्यसभा में भेजने वालों के कौन-कौन से गुण वे देखते हैं।
उन्होंने सुशील मोदी द्वारा उनके उपर लगाये जा रहे आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि सुमो लगातार मेरा नाम ले रहे हैं, लेकिन कोई भी ठोस सबूत नहीं दे रहे हैं। सिर्फ प्रेस कांफ्रेंस करते हैं और बात बनाते हैं। वे बहुत बड़े नमूने हैं। उनमें कभी बड़ा बनने की इच्छा नहीं रही। हमेशा छोटापन वाला काम करते हैं।